जयपुर: बेकाबू थार ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटने से दर्दनाक मौत

जयपुर: राजधानी जयपुर के मालवीय नगर थाना इलाके में रफ्तार का एक और खौफनाक चेहरा देखने को मिला है। शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार नीली थार ने स्कूटी सवार 62 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग को सड़क पर करीब 50 मीटर तक घसीटा गया, जिससे उनकी पसलियां टूट गईं और गंभीर रूप से घायल होने के बाद एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

दवा लेने अस्पताल जा रहे थे छाजू सिंह

मालवीय नगर थानाधिकारी गौरव प्रधान ने बताया कि मृतक की पहचान छाजू सिंह (62) के रूप में हुई है। मूल रूप से दौसा के प्रेमपुरा के रहने वाले छाजू सिंह वर्तमान में झालाना डूंगरी (बाईजी की कोठी) में रहकर एक हॉस्टल में गार्ड की नौकरी करते थे। पिछले दो-तीन दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और उन्हें खांसी-जुकाम की शिकायत थी। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे वह अपनी स्कूटी से दवाई लेने के लिए जयपुरिया अस्पताल जा रहे थे।

सरस पुलिया के पास हुआ खौफनाक हादसा

जब छाजू सिंह सरस पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार नीली थार एसयूवी ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छाजू सिंह हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और थार उन्हें करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गई। इसके बाद अनियंत्रित हुई थार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ती हुई काफी दूर जाकर रुकी।

पुलिस की कार्रवाई और तलाश जारी

हादसे की सूचना मिलते ही मालवीय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में छाजू सिंह को तुरंत एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहाँ डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार गाड़ी को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment