सविना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोगा गैंग के इनामी शूटर उस्मान और मोहसीन गिरफ्तार, पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश पड़ी भारी

उदयपुर: उदयपुर के बलीचा इलाके में आधी रात को केक काटते वक्त अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने वाली कुख्यात ‘गोगा गैंग’ के खिलाफ सविना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के मथुरा से दबोचकर लाए जा रहे 10-10 हजार के इनामी अपराधियों ने जब पुलिस कस्टडी से भागने का दुस्साहस किया, तो अंधेरे में गड्ढे में गिरने से दोनों के पैर टूट गए। अब दोनों आरोपी अस्पताल में पुलिस पहरे के बीच इलाज करवा रहे हैं।

लघुशंका का बहाना बनाकर भागा था आरोपी

आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सविना थानाधिकारी दलबीर सिंह की टीम ने मथुरा से इनामी शूटर उस्मान गनी और मोहसीन गदनीया उर्फ काणा को गिरफ्तार किया था। उदयपुर लाते वक्त आरोपियों ने लघुशंका का बहाना बनाया और गाड़ी रुकते ही अंधेरे में भागने की कोशिश की। हड़बड़ाहट में दोनों एक गहरे गड्ढे में जा गिरे, जिससे उनके पैरों की हड्डियां टूट गईं। पुलिस ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

जन्मदिन के जश्न पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

यह खूनी वारदात 30 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे हुई थी। बलीचा स्थित महादेव होटल में प्रेम सिंह सोलंकी अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन का केक काट रहा था। पुरानी रंजिश के चलते गोगा गैंग के शूटरों ने सफेद इटियोस कार से आकर जान से मारने की नीयत से 4 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें दो गोलियां अरदीन खान के शरीर में धंस गई थीं।

7 राज्यों में छिप रहे थे आरोपी, अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार

घटना के बाद से दोनों शूटर अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, दिल्ली, हरियाणा, यूपी और गुजरात में ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस तकनीकी सर्विलांस के जरिए मथुरा तक पहुंची। इस मामले में गैंग का सरगना मुजफ्फर हुसैन उर्फ गोगा, मददगार जयेश, गोविंद और अवैध हथियार देने वाला रौनक राव उर्फ रोनी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

  • उस्मान गनी (21 वर्ष): निवासी चित्रकूट नगर, सविना (आर्म्स एक्ट व मारपीट के मामले दर्ज)।
  • मोहसीन गदनीया उर्फ काणा (23 वर्ष): निवासी मुर्शिद नगर, हिरणमगरी (संगीन वारदातों में लिप्त)।

👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment