भीलवाड़ा: जिले में ग्रामीणों के भारी विरोध और Expose Now की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा के बेटे के नाम से बैरां में होटल व पेट्रोल पंप की जगह आवंटित करने के लिए लगाई गई फाइल को प्रशासन ने खारिज कर दिया है। इस विवादित जगह को सोमवार को कलेक्टर जसमीत सिंह संधु के निर्देश पर श्मशान के नाम दर्ज कर लिया गया है।
ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे श्मशान की मांग
भीलवाड़ा-अजमेर हाइवे पर बैरां के पास स्थित आराजी नंबर 3131/2506 पर 0.22 हेक्टेयर जमीन अब श्मशान के नाम दर्ज की गई है। स्थानीय ग्रामीण इस जमीन को श्मशान के लिए आवंटित करने की मांग लंबे समय से कर रहे थे। लेकिन इसी जमीन पर शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा के बेटे के नाम से चिनार ग्रुप ने जमीन अलॉटमेंट करने की फाइल लगा ली थी।
पटवारी ने दिखाई थी जल्दबाजी, भेज दिया था प्रस्ताव
ग्रामीणों के लगातार विरोध के बावजूद बैरां के पटवारी ने पेट्रोल पंप व होटल के लिए जमीन आवंटन करने का प्रस्ताव आगे भेज दिया था। बैरां पटवारी ने बनेड़ा तहसीलदार को एक रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें आराजी नंबर 3131/2506 के रकबा 0.5347 हेक्टेयर जमीन पर चिनार ग्रुप जयपुर के होटल व पेट्रोल पंप आवेदन के बारे में जानकारी दी गई थी। रिपोर्ट में लिखा गया था कि यह जमीन हाइवे से लगती हुई है और रेलवे लाइन से 800 मीटर दूर है। साथ ही, प्रस्तावित भूमि को आबादी से 2000 मीटर व मजरा इंदिरा कॉलोनी की आबादी से 400 मीटर दूर बताते हुए इसमें पेट्रोल पंप व श्मशान के लिए जमीन को उपयुक्त बताया गया था।
प्रशासक की पहल और कलेक्टर का सख्त निर्देश
होटल और पेट्रोल पंप के लिए जमीन आवंटन करने का प्रस्ताव भेज दिया गया था और इसकी कार्रवाई चल रही थी, लेकिन इसका लगातार कड़ा विरोध हो रहा था। चिनार ग्रुप ने इस आराजी में से दो बिस्वा जमीन मांगी थी। इस बीच, बैरां ग्राम पंचायत की प्रशासक कालीदेवी गुर्जर ने उपखंड अधिकारी को पत्र लिखकर इस बिलानाम जमीन को इंदिरा कॉलोनी बैरां के लिए श्मशान हेतु आवंटन करने का प्रस्ताव दिया। Expose Now द्वारा इस मामले को प्रमुखता से उजागर करने और ग्रामीणों की आपत्ति के बाद कलेक्टर जसमीत सिंह संधु के निर्देश पर इस कार्रवाई पर रोक लगाते हुए अब इसे श्मशान के लिए अलॉटमेंट कर दिया गया है।
