अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: कर्नल राठौड़ ने महिला उद्यमियों को बांटे ऋण के चेक और नियुक्ति पत्र, कहा- ‘योजनाओं से आए सकारात्मक बदलाव’

Rakhi Singh
3 Min Read

जयपुर । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘महिला सम्मान समारोह एवं परिचर्चा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने राजस्थान की महिलाओं को ‘Resilience (लचीलापन), Result (परिणाम) और Revolution (क्रांति)’ का प्रतीक बताया।

पीएम मोदी के विजन से बदली तस्वीर कर्नल राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना ने समाज में गहरी जागरूकता पैदा की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक नई और सार्थक चर्चा शुरू हुई है, जिसका असर आज हर क्षेत्र में महिलाओं के बेहतरीन प्रदर्शन के रूप में दिख रहा है।

अर्थव्यवस्था और विकसित भारत-2047 मंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में गांव और कस्बों की लघु महिला उद्यमियों का योगदान निर्णायक होगा। उन्होंने सफल उद्यमियों से अपील की कि वे अन्य महिलाओं को भी सरकार की सब्सिडी और प्रोत्साहन योजनाओं से जोड़ें ताकि जमीनी स्तर पर आर्थिक क्रांति आ सके।

सम्मान और लाभ वितरण इस अवसर पर कर्नल राठौड़ ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 11 महिलाओं को एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया। कार्यक्रम के भावुक पल में एक शहीद आश्रित की पुत्री को ‘उद्योग प्रसार अधिकारी’ पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इसके साथ ही:

  • 2 महिलाओं को ऋण के चेक और 9 को स्वीकृति पत्र दिए गए।
  • 2 महिलाओं को रीको (RIICO) के तहत भूमि आवंटन पत्र सौंपे गए।
  • ‘कौशल वाहिनी- स्किल ऑन व्हील्स’ को हरी झंडी दिखाकर शिल्पकारों के प्रशिक्षण का आगाज किया गया।

राजस्थान से USA तक का सफर परिचर्चा के दौरान महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। रान्जका गारमेंट की श्रीमती डेमा मित्तल ने बताया कि राजस्थान सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीति और सहयोग के कारण उन्हें यूएसए (USA) में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मौका मिला, जिसके परिणामस्वरूप अब उन्हें वहां से सीधे अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिल रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *