प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (4 जुलाई) को राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट के नए और अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। 480 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बने इस नए टर्मिनल के शुरू होने से पश्चिमी राजस्थान में हवाई कनेक्टिविटी (Air Connectivity) को नई मजबूती मिली है। करीब 23 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला यह नया टर्मिनल भवन इतना विशाल है कि यह सालाना 20 लाख यात्रियों को संभालने में पूरी तरह सक्षम है।
जोधपुर एयरपोर्ट के इस नए टर्मिनल की डिजाइन में राजस्थान की शाही विरासत और आधुनिक सुख-सुविधाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। इसकी वास्तुकला में राजस्थानी संस्कृति, पारंपरिक मेहराब और झरोखों की खूबसूरत झलक है। ऊर्जा और जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस बिल्डिंग को 5-स्टार ‘GRIHA’ (ग्रीन बिल्डिंग) रेटिंग के अनुकूल बनाया गया है। उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि इस बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर से न केवल लोगों का सफर सुगम होगा, बल्कि जोधपुर में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को भी बड़े स्तर पर पंख लगेंगे।
एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय हवाई सफर को घर-घर तक पहुंचाने के लिए जोधपुर से ‘संशोधित उड़ान योजना’ (Modified UDAN Scheme) की भी भव्य लॉन्चिंग की। अगले 10 वर्षों के लिए 28,840 करोड़ रुपये के भारी बजट वाली इस योजना का लक्ष्य देश के दूरदराज के इलाकों में हवाई सफर को सुलभ बनाना है। इसके तहत देशभर में बिना सेवा वाली हवाई पट्टियों से 100 नए एयरोड्रोम और 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।
