करौली: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विशेष निर्देशों के बाद, करौली के पाँचना बांध पर सिंचाई जल निकासी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गुरुवार को बांध पर जल निकासी तंत्र का व्यापक तकनीकी परीक्षण किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। इस परीक्षण के दौरान कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ने वाले स्लूस गेटों और गैर-कमांड क्षेत्र के लिए बनी लिफ्ट सिंचाई प्रणाली का ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी समीक्षा

संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंचाई के लिए पानी छोड़ने से पहले सभी तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा जाए, ताकि किसानों को बिना किसी बाधा के सिंचाई का पानी मिल सके। जल संसाधन विभाग की टीम ने गंभीरी नदी की ओर जल निकासी के लिए बने गेटों की कार्यक्षमता का बारीकी से निरीक्षण किया और सभी तकनीकी पहलुओं की गहन समीक्षा की।
संघर्ष समिति ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
इस महत्वपूर्ण समाधान के बाद कमांड एवं पाँचना गुडला संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों का कहना है कि यह 20 साल पुरानी समस्या का शांतिपूर्ण और सकारात्मक समाधान है, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस दौरान करौली जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, सवाई माधोपुर जिला कलक्टर कानाराम, पुलिस अधीक्षक करौली लोकेश सोनवाल के साथ जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संघर्ष समिति के सदस्य उपस्थित रहे। यह तकनीकी परीक्षण आने वाले समय में सिंचाई प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
