जयपुर, शहर के बांगड़ कॉलेज खेल मैदान में शनिवार को खेल और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। क्रीड़ा भारती, पाली के सौजन्य से आयोजित विशाल कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने किया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मंत्री कुमावत ने न केवल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि स्वयं मैदान में उतरकर कबड्डी खेलकर टूर्नामेंट की शुरुआत की।
10 साल के बच्चे से लेकर 57 साल के बुजुर्ग तक मैदान में
क्रीड़ा भारती, जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह जोधा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में खेल के प्रति जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली। टूर्नामेंट में कुल 132 पुरुष और महिला टीमों ने पंजीकरण कराया। मैदान का नजारा तब और दिलचस्प हो गया जब 10 साल के बच्चों के साथ-साथ 57 साल के बुजुर्गों ने भी पूरी फुर्ती के साथ कबड्डी के दांव-पेच दिखाए।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘खेल जगत’ में भारत का डंका
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि आज भारत खेलों के क्षेत्र में जो ऊंचाइयां छू रहा है, उसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा:
“प्रधानमंत्री जी की खेल प्रोत्साहन नीतियों की बदौलत ही आज भारतीय खिलाड़ी विश्व स्तर पर तिरंगा लहरा रहे हैं। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। खेल हमें सिखाते हैं कि जीवन में कोई हारता नहीं है; या तो वह जीतता है या फिर सीखता है।”
विजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी टीम को जिताने के लिए जमकर पसीना बहाया। समापन अवसर पर विभिन्न आयु वर्गों में विजेता रही टीमों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री कुमावत ने खिलाड़ियों से ‘फिट रहने’ और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
