जयपुर: महिला सशक्तिकरण और सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में राजस्थान सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। 8 मार्च 2026 (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं और बालिकाओं को राजस्थान रोडवेज (Rajasthan Roadways) की बसों में निःशुल्क यात्रा (Free Travel) की सौगात दी गई है। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
अनुमान है कि इस विशेष सुविधा का लाभ प्रदेश की करीब 8.50 लाख महिलाएं उठा सकेंगी।
इन बसों में मिलेगी ‘फ्री सफर’ की सुविधा: इस सुविधा के तहत यात्रा करने के लिए कुछ नियम और शर्तें भी तय की गई हैं:
- साधारण बसें: यह छूट राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की सभी श्रेणी की ‘साधारण बसों’ (Ordinary Buses) में उपलब्ध होगी।
- राज्य की सीमा: मुफ्त यात्रा की यह सुविधा केवल राजस्थान राज्य की सीमा के भीतर ही लागू होगी।
इन बसों में लागू नहीं होगी यह छूट: राजस्थान रोडवेज की कार्यकारी निदेशक (यातायात) डॉ. ज्योति चौहान ने स्पष्ट किया है कि कुछ विशेष श्रेणियों की बसों में महिलाओं को यह छूट नहीं मिलेगी:
- वातानुकूलित (AC) बसें
- वोल्वो (Volvo) बसें
- अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों (All India Tourist Permit) पर संचालित होने वाली बसें
महिला दिवस का महत्व: राजस्थान सरकार का यह कदम महिलाओं के सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता देने का प्रतीक है। हर साल 8 मार्च को दुनियाभर में उन महिलाओं को याद किया जाता है और सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने परिवार, समाज और देश के निर्माण में अपना अहम योगदान दिया है।
