धौलपुर। उत्तर प्रदेश के हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दिल्ली से धौलपुर (राजस्थान) आ रही एक ईको वैन को पीछे से आ रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में वैन सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 3 मृतक राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र के रहने वाले थे।
ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा, 10 फीट दूर उछली वैन
हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के माइलस्टोन 141 पर सुबह करीब 4:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दिल्ली से गोरखपुर जा रही निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को ओवरटेक करने की कोशिश की। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस बेकाबू होकर वैन के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
धौलपुर के रहने वाले थे ये मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों में से 3 राजाखेड़ा (धौलपुर) के रहने वाले थे:
- दिनेश (55) पुत्र हुकम सिंह, निवासी गंगोलियापुरा।
- सुनीता (51) पत्नी दिनेश, निवासी गंगोलियापुरा।
- लोकेश (35) पुत्र भूरी सिंह, निवासी चमोली घर।
मृतक दिनेश नोएडा में मिठाई की दुकान चलाते थे और होली का त्योहार मनाने अपनी पत्नी के साथ गांव लौट रहे थे। अन्य तीन मृतक आगरा के शमशाबाद क्षेत्र के निवासी थे।
7 घायल, बच्चों की भी हालत गंभीर
इस दुर्घटना में 7 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें खंदौली सीएचसी और आगरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में राजाखेड़ा के मनोज और 8 व 6 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
