जयपुर के SKIT कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी: कैंपस में 19 RDX IED का दावा, पुलिस और बम स्क्वॉड का सर्च ऑपरेशन जारी

जयपुर (18 फरवरी)। राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SKIT) कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज प्रशासन को संस्थान को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में कॉलेज परिसर में 19 RDX IED लगाए जाने और उन्हें रिमोट कंट्रोल से उड़ाने की बात कही गई है।

11:45 AM बजे धमाके का था अल्टीमेटम

कॉलेज के प्रिंसिपल को भेजे गए इस ई-मेल में ‘बालूचोटन टाइगर्स DMK IT विंग’ की ओर से दावा किया गया कि इंजीनियरिंग कॉलेज में 6 RDX बम फटेंगे। धमकी देने वाले ने यह भी लिखा कि यदि रिमोट कंट्रोल से धमाका नहीं हुआ, तो वे ‘सुसाइड ऑपरेशन’ के जरिए खुद को स्टाफ के साथ उड़ा लेंगे।

तमिलनाडु पुलिस का मुद्दा और धमकी का अजीब कारण

धमकी भरे ई-मेल में एक अजीबोगरीब कारण भी बताया गया है। भेजने वाले ने लिखा कि तमिलनाडु में कांस्टेबलों से DMK कार्यकर्ताओं के कपड़े और गंदे बर्तन साफ कराए जा रहे हैं। इसी अपमान के खिलाफ आवाज उठाने और 1979 की यूनियन सिफारिशों को लागू करने की मांग को लेकर इस कॉलेज को टारगेट किया गया है।

कैंपस खाली, सर्च ऑपरेशन जारी

धमकी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एहतियात के तौर पर सभी छात्रों और स्टाफ को कैंपस से बाहर निकाल दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) ने पूरे कैंपस की घेराबंदी कर ली है और बिल्डिंग के कोने-कोने की सघन तलाशी ली जा रही है।

पुलिस की जांच: फर्जी हो सकती है धमकी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह एक ‘होक्स’ (फर्जी) ईमेल हो सकता है, क्योंकि पहले भी कई शैक्षणिक संस्थानों को इस तरह के फर्जी मेल मिल चुके हैं। हालांकि, किसी भी जोखिम से बचने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं और ई-मेल भेजने वाले की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।

Share This Article
Leave a Comment