करौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार का इनामी स्मैक तस्कर ओमप्रकाश मीना गिरफ्तार, 6 माह से था फरार

करौली, करौली जिला स्पेशल टीम (DST) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात स्मैक तस्कर ओमप्रकाश उर्फ ओमी मीना को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी पिछले 6 महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

आधा दर्जन मामलों में था वांछित

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार तस्कर ओमप्रकाश उर्फ ओमी (पुत्र सीताराम मीना), सवाई माधोपुर जिले के उलियाना (थाना कुण्डेरा) का निवासी है। इस शातिर अपराधी के खिलाफ करौली जिले के सपोटरा, कुड़गांव और कैला देवी जैसे विभिन्न थानों में करीब आधा दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

भूरी पहाड़ी की डूंगरी से दबोचा

DST टीम प्रभारी रामकुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तस्कर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश ओमप्रकाश को कुड़गांव थाना क्षेत्र के भूरी पहाड़ी डूंगरी इलाके में देखा गया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित दो टीमों ने घेराबंदी की और तस्कर को धर दबोचा।


इनकी रही मुख्य भूमिका

इस सफल ऑपरेशन में जिला स्पेशल टीम (DST) के जांबाज अधिकारियों और जवानों का विशेष योगदान रहा:

  • रामकुमार: टीम प्रभारी
  • नेमीचन्द: हेड कांस्टेबल
  • रन्नोसिंह: कांस्टेबल
  • एसके कंवर, जगदीश, कमलसिंह: कांस्टेबल
  • भूपसिंह: चालक

पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!