डिस्कॉम कार्यालय में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश: 10 हजार की घूस लेते सीसी बाबू रंगे हाथों गिरफ्तार, कर्मचारियों में मचा हड़कंप

सूरतगढ़: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सूरतगढ़ में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जोधपुर डिस्कॉम के सहायक अभियंता कार्यालय में कार्यरत सीसी बाबू (CC Babu) सुधीर चलाना को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी यह घूस प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर कनेक्शन का SCO (सर्विस कनेक्शन ऑर्डर) जारी करने के एवज में मांग रहा था।

क्या है पूरा मामला?

श्रीगंगानगर एसीबी चौकी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों पर सोलर सिस्टम लगाने का काम करती है। फर्म की ओर से तीन उपभोक्ताओं के सोलर सिस्टम लगाने की स्वीकृति हेतु पत्रावलियां (फाइलें) कार्यालय में प्रस्तुत की गई थीं।

इनमें से दो पत्रावलियों के एवज में SCO जारी करने के नाम पर आरोपी सुधीर चलाना द्वारा ‘खर्चा-पानी’ के रूप में रिश्वत की मांग की जा रही थी। परिवादी का आरोप था कि यदि रिश्वत की राशि नहीं दी जाती, तो संबंधित स्वीकृतियां और दस्तावेज रोक दिए जाते।

एसीबी का सफल सत्यापन और ट्रेप कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने इसका गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उप महानिरीक्षक (ACB रेंज बीकानेर) नारायण टोगस के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में एक विशेष ट्रेप टीम का गठन किया गया।

सोमवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने आरोपी सुधीर चलाना को परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

डिस्कॉम कार्यालय में मचा हड़कंप

एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई की खबर फैलते ही जोधपुर डिस्कॉम कार्यालय में हड़कंप मच गया। ट्रैप की भनक लगते ही कार्यालय के कई अन्य कार्मिक और अधिकारी अपनी कुर्सियां छोड़कर मौके से नदारद हो गए। वहीं, कार्रवाई की सूचना पाकर कार्यालय के बाहर स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा इस भ्रष्टाचार में अन्य कौन-कौन लोग संलिप्त हैं, इसकी भी बारीकी से जांच की जा रही है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment