जयपुर के विद्याधर नगर थाना इलाके में रुपयों के लेन-देन को लेकर चल रहे पुराने विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई राजीनामा बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। सोमवार देर रात मंदिर मोड़ के पास हुई इस घटना में 22 वर्षीय शाकिर देशवाली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका बड़ा भाई कय्यूम (38) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
राजीनामे के बहाने बुलाकर किया हमला
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक शाकिर के भाई कय्यूम और मुख्य आरोपी रफीक उर्फ बकरी चोर के बीच कुछ दिनों पहले पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई थी। वारदात से एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच शराब पीने के दौरान भी झगड़ा हुआ था। इसी विवाद को खत्म करने के लिए सोमवार रात विद्याधर नगर के मंदिर मोड़ पर समझाइश और समझौते की बैठक बुलाई गई थी।
कय्यूम पहले अकेले मौके पर पहुंचा था, लेकिन वहां का माहौल देखकर उसने अपने छोटे भाई शाकिर को भी बुला लिया। बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने साजिश के तहत लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपियों ने शाकिर की जांघ पर चाकू से गंभीर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए कय्यूम पर भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर हालत में दोनों को सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शाकिर ने दम तोड़ दिया।
परिवार में पसरा मातम, 10 दिन पहले ही हुआ था बेटा
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों के मुताबिक, शाकिर के घर महज 10 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। घर में नन्हे मेहमान के आने की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि इस अप्रत्याशित घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल

विद्याधर नगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है:
- मोहम्मद फरीद उर्फ फरदू चाचा (निवासी भट्टा बस्ती, जो कि थाने का हिस्ट्रीशीटर है और इसके खिलाफ विभिन्न थानों में 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं)
- शाहरुख
- दिलशाद उर्फ दिल्लू
थानाधिकारी सज्जन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी रफीक उर्फ बकरी चोर सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।