बीकानेर/जयपुर: इस बार का स्वतंत्रता दिवस बीकानेर के लिए बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है। पूरे 18 साल के लंबे इंतजार के बाद बीकानेर को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ है। आगामी 15 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर के ऐतिहासिक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने अपने आवास पर जनसुनवाई के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है।
18 साल बाद लौट रहा है यह गौरव

मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि इससे पूर्व तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पहले कार्यकाल के दौरान बीकानेर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें उन्होंने ध्वजारोहण किया था। अब ठीक 18 साल बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में बीकानेर में इस राजकीय समारोह का भव्य आयोजन होगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2025 में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भजनलाल शर्मा ने जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह के तहत ध्वजारोहण किया था।
छात्रसंघ चुनाव और कक्षाओं की अनिवार्यता पर क्या बोले मंत्री?
छात्रसंघ चुनावों और छात्रों की राजनीति में सक्रियता को लेकर मंत्री सुमित गोदारा ने स्पष्ट कहा कि छात्रों को राजनीति में उतरने से पहले महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों की कक्षाओं में अपनी नियमित उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए। जब तक छात्र कक्षाओं में नहीं बैठेंगे और अपनी उपस्थिति पूरी नहीं करेंगे, तब तक शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाना संभव नहीं है।

पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सख्त निर्देश
बीकानेर संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में मरीजों को हो रही परेशानियों और अव्यवस्थाओं के सवाल पर मंत्री ने दो-टूक कहा कि चिकित्सकों का प्राथमिक कर्तव्य मरीज की तकलीफ को दूर करना है। इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों को सलाह दी कि वे अस्पताल की आंतरिक समस्याओं और व्यवस्थाओं पर भी पैनी नजर रखें ताकि आमजन को इलाज के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जनसुनवाई के दौरान मंत्री सुमित गोदारा ने आम जनता की समस्याएं सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
