करौली/सपोटरा: परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाने और परीक्षा प्रणाली में अगली पीढ़ी के सुधारों के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय टास्क फोर्स में राजस्थान के करौली जिले के सपोटरा विधानसभा क्षेत्र के डाबरा गांव निवासी पूर्व IAS अधिकारी अमृत लाल मीणा को शामिल किए जाने पर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस उपलब्धि के बाद सपोटरा से स्थानीय विधायक हंसराज बालौती ने आधिकारिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें बधाई दी है।
विधायक हंसराज बालौती का बयान
सपोटरा के विधायक हंसराज बालौती ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक संदेश के माध्यम से अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा,
“मेरे निर्वाचन क्षेत्र सपोटरा के ग्राम डाबरा निवासी आदरणीय अमृत लाल मीणा जी (आईएएस), सेवानिवृत्त मुख्य सचिव, बिहार सरकार को उच्च स्तरीय टास्क फोर्स के सदस्य के रूप में मनोनीत किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ। यह हम सभी क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। आपकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से न केवल हमारे सपोटरा क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ा है, बल्कि समाज के युवाओं को भी अपने परिश्रम, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवा से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलेगी।”
नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता वाली टास्क फोर्स में मिला स्थान
नीट परीक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों और भारी हंगामे के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 6 सदस्यीय हाई-लेवल टास्क फोर्स का गठन किया है। इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी के नेतृत्व वाली इस समिति में अमृत लाल मीणा को बतौर लॉजिस्टिक्स एक्सपर्ट शामिल किया गया है।
शानदार प्रशासनिक सफर
शिक्षा और चयन: अमृत लाल मीणा ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री प्राप्त करने के बाद वर्ष 1989 में सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की और उन्हें बिहार कैडर मिला।
प्रमुख पद: वे केंद्र सरकार के कोयला मंत्रालय में सचिव, उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) में विशेष सचिव (लॉजिस्टिक्स) रहने के बाद अगस्त 2024 से अगस्त 2025 तक बिहार सरकार के मुख्य सचिव के सर्वोच्च पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
सेवानिवृत्ति के बाद उनकी प्रशासनिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए मिली इस राष्ट्रीय जिम्मेदारी से न केवल सपोटरा और करौली जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है, बल्कि युवाओं के लिए भी यह एक प्रेरणास्त्रोत बन गया है।
👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:
🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!
क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।