प्रतापगढ़/जयपुर: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतापगढ़ जिले के धोलापानी पुलिस थाने के थानाधिकारी (SHO) प्रवीण कुमार चारण को रिश्वत के एक बड़े मामले में गिरफ्तार किया है । एसीबी टीम ने टोल नाके पर कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी के कब्जे और उनकी कार से कुल 2,87,650 रुपये की संदिग्ध राशि बरामद की है ।
Contents
शिकायत और रिश्वत की मांग
- यह मामला प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी निवासी 26 वर्षीय रितेश माली की शिकायत पर दर्ज किया गया है ।
- परिवादी रितेश माली ने 12 मई 2026 को एसीबी के हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई रोहित माली को धोलापानी पुलिस ने बलात्कार के एक मामले में गिरफ्तार किया है ।
- शिकायत के अनुसार, थानाधिकारी प्रवीण सिंह चारण ने रोहित के साथ मारपीट नहीं करने, मामले में मदद करने और उनके पिता को मुकदमे में नहीं फंसाने की एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी ।
सत्यापन के दौरान लिए 20 हज़ार रुपये
- शिकायत मिलने के बाद, डूंगरपुर एसीबी के पुलिस उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया ।
- 12 मई को सत्यापन के दौरान, आरोपी थानाधिकारी ने परिवादी रितेश माली से 20,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की ।
- इन नोटों के नंबरों की पहले ही एसीबी द्वारा वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर ली गई थी ।
तीन लाख की अतिरिक्त मांग और व्यापारी से वसूली
- अगले दिन 13 मई 2026 को, जब परिवादी और सह-परिवादी ओमजी ने थानाधिकारी से दोबारा बातचीत की, तो थानाधिकारी ने 3,00,000 रुपये की और मांग की ।
- आरोपी थानाधिकारी ने हिरासत में मौजूद परिवादी के भाई रोहित माली पर दबाव डालकर उसके सेठ (व्यापारी) मितांश कोठारी को फोन करवाया और रोहित को घटनास्थल तस्दीक के लिए भीलवाड़ा ले जाने से पहले व्यापारी से 3,00,000 रुपये वसूल लिए ।
पढ़ें पूरी FIR…
नृसिंहगढ़ टोल नाके पर एसीबी का ट्रैप
- जब थानाधिकारी प्रवीण कुमार चारण एक प्राइवेट सफेद हुंडई ऑरा कार (RJ09 CD-9422) से लौट रहे थे, तब शाम करीब 7:35 बजे एसीबी टीम ने उन्हें नृसिंहगढ़ टोल नाके के पास रोक लिया ।
- गाड़ी में थानाधिकारी के साथ दो कांस्टेबल (मनरूपराम और रघुवीर सिंह) और आरोपी रोहित माली भी बैठे थे ।
- कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं, जो कुल 2,50,000 रुपये थे ।
- थानाधिकारी प्रवीण कुमार की पेंट की जेब से भी 37,650 रुपये नकद मिले ।
- मौके से कुल 2,87,650 रुपये बरामद किए गए, जिसका आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए । साथ ही उनका आईफोन 13 प्रो मैक्स भी जब्त किया गया ।
घर की तलाशी में मिले सत्यापन वाले नोट
- ट्रैप के बाद एसीबी की टीम ने धोलापानी थाना परिसर में स्थित थानाधिकारी के सरकारी क्वार्टर की भी तलाशी ली ।
- इस दौरान 500-500 रुपये के 28 नोट (कुल 14,000 रुपये) मिले, जिनके सीरियल नंबर 12 मई को सत्यापन के दौरान दिए गए 20,000 रुपये के नोटों से हूबहू मिलान खा गए । आरोपी ने शेष 6,000 रुपये खर्च होना बताया ।
आगे की कार्रवाई
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत थानाधिकारी प्रवीण कुमार चारण के खिलाफ एफआईआर (FIR No. 0129) दर्ज कर ली गई है । इस प्रकरण की आगे की जांच चित्तौड़गढ़ एसीबी के पुलिस उप अधीक्षक हरिशचन्द्र सिंह को सौंपी गई है । एफआईआर राजस्थान एसीबी के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित द्वारा पंजीकृत की गई है ।
