जयपुर। राजस्थान सरकार ने जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी (JECC) में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ (GRAM-2026) को फिलहाल स्थगित कर दिया है। कृषि आयुक्तालय द्वारा आज जारी आधिकारिक आदेश ने उन सभी तैयारियों पर फिलहाल विराम लगा दिया है जो पिछले कई हफ्तों से जोर-शोर से चल रही थीं।
क्या है आदेश में?

राजस्थान सरकार के कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल द्वारा हस्ताक्षरित आदेश (क्रमांक प.5 ( )आ.कृ./कृ.सू./प्र.अ./ग्राम 2026 / 2025-26 / 1699) के अनुसार:
- प्रस्तावित तिथि: 23 से 25 मई, 2026
- स्थान: जेईसीसी, सीतापुरा, जयपुर
- ताजा स्थिति: ‘अपरिहार्य कारणों’ के चलते आगामी आदेशों तक स्थगित
तैयारियां धरी की धरी रह गईं?
GRAM-2026 का उद्देश्य प्रदेश के किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और कृषि क्षेत्र में निवेश के नए रास्ते खोलना था। इसके लिए बड़े स्तर पर प्रदर्शनी, सेमिनार और ग्लोबल नेटवर्किंग की योजना बनाई गई थी। अचानक आए इस स्थगन आदेश ने न केवल आयोजन से जुड़े अधिकारियों बल्कि उन हजारों किसानों और तकनीक प्रदाताओं को भी असमंजस में डाल दिया है जो इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने वाले थे।
आखिर क्या हैं वो ‘अपरिहार्य कारण’?
सरकारी भाषा में ‘अपरिहार्य कारण’ शब्द अक्सर कई राज छुपाए रहता है। क्या यह कोई प्रशासनिक फेरबदल है, बजट का पेच या फिर कोई बड़ी रणनीतिक तब्दीली? फिलहाल सरकार ने नई तारीखों को लेकर चुप्पी साध रखी है, जिससे यह साफ है कि इस बड़े इवेंट के लिए अब लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
Expose Now की नजर: करोड़ों का बजट और हफ्तों की मेहनत के बाद ऐन वक्त पर कार्यक्रम का टलना कई सवाल खड़े करता है। क्या सिस्टम इस बड़े आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार नहीं था? हम इस खबर की तह तक जाने की कोशिश करेंगे।