पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग के बाद पीएम मोदी का दौरा स्थगित: उद्घाटन से 24 घंटे पहले CDU-VDU यूनिट में मची अफरातफरी

राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी (HPCL Rajasthan Refinery Limited) से एक बड़ी खबर सामने आई है। रिफाइनरी के जिस मुख्य यूनिट का उद्घाटन मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले थे, सोमवार दोपहर उसी यूनिट में भीषण आग लग गई। सुरक्षा कारणों और तकनीकी खराबी के चलते प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

दोपहर 2 बजे शुरू हुआ तांडव

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:00 बजे रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) में अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया। घटना के वक्त यूनिट में कई कर्मचारी और इंजीनियर्स तैनात थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।

2 घंटे की मशक्कत, 12 फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

आग लगते ही रिफाइनरी का इन-बिल्ट फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही बालोतरा और आसपास से करीब 10 से 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत और लगातार पानी की बौछार के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। गनीमत रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

क्यों महत्वपूर्ण थी यह यूनिट?

अधिकारियों ने बताया कि CDU-VDU यूनिट रिफाइनरी का हृदय कही जाती है। पाइपलाइन से आने वाला कच्चा तेल (Crude Oil) सबसे पहले इसी यूनिट में आता है, जहाँ इसे रिफाइन करके अलग-अलग यूनिट्स में भेजा जाता है। पीएम मोदी इसी यूनिट को राष्ट्र को समर्पित करने वाले थे।

नुकसान का आकलन जारी

रिफाइनरी के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल पहली प्राथमिकता यूनिट को ठंडा करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की है। इसके बाद ही आग लगने के कारणों और इससे हुए आर्थिक नुकसान का सटीक अंदाजा लगाया जा सकेगा। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बाहरी लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment