JJM घोटाला: सुबोध अग्रवाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, जेल में मांगी ‘स्पेशल सेल’

राजस्थान के बहुचर्चित 960 करोड़ रुपए के JJM (जल जीवन मिशन) घोटाले में गिरफ्तार रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल की आज एक बार फिर एसीबी कोर्ट में पेशी हुई। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुबोध अग्रवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में भेज दिया है।

एसीबी की रिमांड अर्जी और सुबोध का विरोध

सुनवाई के दौरान एसीबी (ACB) ने सुबोध अग्रवाल से और पूछताछ की जरूरत बताते हुए कोर्ट से तीन दिन की अतिरिक्त पीसी रिमांड मांगी थी। हालांकि, सुबोध अग्रवाल और उनके वकील ने पीसी रिमांड का कड़ा विरोध किया। दोनों पक्षों की जिरह सुनने के बाद कोर्ट ने रिमांड की अर्जी को स्वीकार न करते हुए उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।

कोर्ट रूम ड्रामा: अधिकारियों से उलझे सुबोध

कोर्ट में पेशी के दौरान सुबोध अग्रवाल का सख्त तेवर देखने को मिला। वे एसीबी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उखड़ गए और सीधे उनसे सवाल किया। उन्होंने कहा— “आप कह रहे हैं कि मैंने सवालों का जवाब नहीं दिया। आप बार-बार मीडिया में ये क्यों कह रहे हैं? बताइए मैंने किन सवालों का जवाब नहीं दिया।” उल्लेखनीय है कि मंगलवार शाम पूछताछ के दौरान सुबोध अग्रवाल की तबीयत भी बिगड़ गई थी, हालांकि डॉक्टरों द्वारा की गई सभी जांचों में उनकी रिपोर्ट सामान्य आई थी।

जेल में मांगी स्पेशल सेल

सुबोध अग्रवाल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोर्ट में एक प्रार्थना पत्र (एप्लीकेशन) पेश किया है। उन्होंने खुद को जेल में खतरा बताया है और मांग की है कि उन्हें जेल के भीतर किसी ‘स्पेशल सेल’ या अलग सेल में रखा जाए।

जेजेएम घोटाले में अब तक की बड़ी कार्रवाई (Timeline):

  • 17 फरवरी: रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल के घर पर सर्च हुआ। जलदाय विभाग के 9 अफसरों को पकड़ा गया।
  • 18 फरवरी: गिरफ्तार अफसरों की एसीबी कोर्ट में पेशी हुई और उन्हें 3 दिन के रिमांड पर भेजा गया। सुबोध अग्रवाल के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हुआ।
  • 19 फरवरी: सुबोध अग्रवाल ने एसीबी की एफआईआर को रद्द करने की याचिका कोर्ट में लगाई।
  • 21 फरवरी: रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेशी हुई और सभी अफसरों को जेल (जेसी) भेजा गया। इसी दिन सुबोध अग्रवाल के वकील ने खुद को केस से हटा लिया था।
  • 09 अप्रैल: काफी समय तक रडार से बाहर रहने के बाद सुबोध अग्रवाल को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
Share This Article
Leave a Comment