RU छात्र नेता शुभम रेवाड़ की राज्यपाल से मुलाकात, छात्रसंघ चुनाव पर की चर्चा

जयपुर। राजस्थान में छात्रसंघ चुनावों की बहाली और विश्वविद्यालयों में बदहाल बुनियादी सुविधाओं को लेकर छात्रों का संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। इसी कड़ी में राजस्थान विश्वविद्यालय (RU) के छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने जयपुर के राजभवन में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से एक मुलाकात की।

इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान शुभम रेवाड़ ने प्रदेश में जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव करवाने की पुरजोर वकालत की। साथ ही, उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव और प्रशासन की लापरवाही के कारण छात्रों को हो रही भारी परेशानियों को भी महामहिम के समक्ष मजबूती से रखा।

पुस्तकालय की बदहाली और प्रशासन की लापरवाही की दी जानकारी

मुलाकात के दौरान छात्र नेता रेवाड़ ने पिछले दिनों राजस्थान विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में हुए घटनाक्रम का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने राज्यपाल को अवगत करवाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण केंद्रीय पुस्तकालय की छत का हिस्सा गिर गया था, जिससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था।

इसके अलावा, पुस्तकालय में लंबे समय से डक्टिंग सिस्टम भी नहीं चल रहा है, जिसकी वजह से छात्रों को भीषण गर्मी में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। परिसर में पीने के साफ पानी की भारी किल्लत की समस्या से भी महामहिम को अवगत कराया गया, जिस पर विश्वविद्यालय प्रशासन लंबे समय से कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

20 मिनट की चर्चा में राज्यपाल ने दिया समाधान का भरोसा

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और छात्र नेता शुभम रेवाड़ के बीच यह सकारात्मक चर्चा लगभग 20 मिनट तक चली। राज्यपाल ने छात्रों की इन सभी समस्याओं को पूरी गंभीरता और आत्मीयता से सुना।

उन्होंने छात्र नेता को भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं, जैसे पुस्तकालय की मरम्मत, पानी और डक्टिंग से जुड़ी समस्याओं का जल्द ही समाधान करवाया जाएगा। इसके साथ ही, छात्रसंघ चुनाव करवाने की बड़ी मांग पर भी राज्यपाल ने सकारात्मक रुख दिखाया और आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर जल्द ही राज्य सरकार से बात करेंगे ताकि इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को फिर से बहाल किया जा सके।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment