RPSC अपडेट: लेक्चरर (आयुष विभाग) परीक्षा-2025 के प्रवेश पत्र 9 जनवरी को होंगे जारी, जानें परीक्षा से जुड़े जरूरी नियम

जयपुर, राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने लेक्चरर (आयुष विभाग) परीक्षा-2025 की तैयारी पूरी कर ली है। यह परीक्षा 12 जनवरी 2026 को अजमेर जिला मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 9 जनवरी 2026 को आधिकारिक वेबसाइट और एसएसओ (SSO) पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे।

ऑनलाइन (CBRT) मोड में होगी परीक्षा

यह परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट (CBRT) के माध्यम से दोपहर 12:00 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित होगी। पहली बार ऑनलाइन परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग की वेबसाइट पर ‘मॉक टेस्ट’ का लिंक उपलब्ध कराया गया है। आयोग ने सलाह दी है कि अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया को समझने के लिए मॉक टेस्ट का अभ्यास जरूर करें।

प्रवेश के लिए ’60 मिनट पूर्व’ का नियम

अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। सुरक्षा जांच और बायोमेट्रिक्स की प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को समय से काफी पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

पहचान पत्र के लिए जरूरी निर्देश:

  • मूल आधार कार्ड: अभ्यर्थियों को रंगीन प्रिंट वाला मूल आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।
  • विकल्प: यदि आधार पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस (नवीनतम फोटो युक्त) मान्य होगा।
  • फोटो: प्रवेश पत्र पर भी नवीनतम और स्पष्ट रंगीन फोटो ही चस्पा करें। बिना स्पष्ट पहचान पत्र के प्रवेश वर्जित रहेगा।

नकल और जालसाजों से रहें सावधान

आयोग ने सख्त चेतावनी दी है कि अभ्यर्थी किसी भी दलाल या झांसा देने वाले व्यक्ति के बहकावे में न आएं। राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2022 के तहत नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग पर आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200 पर दी जा सकती है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!