जयपुर, राजस्थान में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का कड़ा असर देखने को मिल रहा है। राज्यव्यापी अभियान के पिछले सात दिनों के आंकड़ों ने भू-माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। शासन द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 500 से अधिक वाहन जब्त किए जा चुके हैं और करोड़ों रुपये का जुर्माना राजकोष में जमा कराया गया है।
कार्रवाई के 7 दिनों का रिपोर्ट कार्ड:
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद माइंस विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी सफलता मिली है:
- कुल कार्रवाई: 552 से अधिक मामले।
- एफआईआर (FIR): 76 मुकदमे दर्ज।
- गिरफ्तारी: 17 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
- जब्ती: 25 एक्सकेवेटर/जेसीबी/क्रेन सहित कुल 512 वाहन जब्त।
- राजस्व वसूली: ₹2 करोड़ 88 लाख से अधिक की जुर्माना राशि वसूली गई।
जयपुर और अन्य जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई
सोमवार को जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में लिप्त 8 वाहनों को जब्त किया गया। खनिज अभियंता श्याम कापड़ी ने बताया कि चाकसू, दौलतपुरा और सामोद के हथनोदा में डंपर और ट्रैक्टर ट्रालियां जब्त कर पुलिस को सौंपी गई हैं।
सर्वाधिक कार्रवाई वाले जिले (ME कार्यालय): | जिला/कार्यालय | कुल कार्रवाई –
जयपुर -65, भीलवाड़ा -61, अजमेर– 36, पाली– 32, ब्यावर– 28
“कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी” – प्रमुख सचिव माइंस
सचिवालय में अभियान की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव माइंस, टी. रविकान्त ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड में सक्रियता और बढ़ाई जाए। मुख्यालय स्तर पर अतिरिक्त निदेशक डॉ. धर्मेन्द्र लोहार इस पूरे अभियान का समन्वय कर रहे हैं।
क्षेत्रीय उपलब्धियां:
- जयपुर टीम: सर्वाधिक 65 कार्रवाई कर 50 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया।
- अलवर: 34 कार्रवाई के साथ 10 लोगों की गिरफ्तारी।
- टोंक: सर्वाधिक 17 एफआईआर दर्ज की गईं।
- भीलवाड़ा: 339 टन अवैध खनिज जब्त कर ₹26 लाख का जुर्माना लगाया गया।
