प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची थी खौफनाक साजिश, बीमारी का ड्रामा कर सड़क किनारे फेंका था पति का शव

राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में 27 वर्षीय महेश मीणा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जहां इसे अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत माना जा रहा था, वहीं 12 दिन बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज और पिता के शक ने इस मामले को हत्या के एक बड़े षड्यंत्र में बदल दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी कविता मीणा और उसके कथित प्रेमी गणेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेम प्रसंग और विवाद की पृष्ठभूमि

पुलिस जांच के अनुसार, कविता और गणेश के बीच शादी से पहले से ही करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे। करीब डेढ़ साल पहले कविता की शादी महेश मीणा के साथ हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी गणेश के साथ उसका संपर्क बना रहा। महेश और कविता के बीच अक्सर विवाद होने के कारण, करीब छह महीने पहले महेश ने कविता को गांव की पंचायत के सामने उसके पीहर छोड़ दिया था। कविता करीब चार से पांच महीने अपने पीहर में ही रही, और इसी दौरान दोनों ने महेश को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।

सल्फास से हत्या की साजिश

पीहर में रहने के दौरान गणेश ने एक अन्य घटना का हवाला देकर कविता को सल्फास से हत्या करने का आइडिया दिया। योजना के तहत कविता ने अपने पिता से गेहूं में रखने वाली सल्फास की दवा मंगवा ली और मौका तलाशने लगी। किसी को शक न हो, इसलिए उसने कुछ समय बाद वापस पति के साथ रहने का नाटक शुरू कर दिया।

5 अगस्त को दिया वारदात को अंजाम

बीती 5 अगस्त की सुबह महेश अपनी पत्नी कविता को दवा दिलाने के लिए निकला था। रास्ते में कविता ने जूस में सल्फास मिलाकर महेश को पिला दिया। जहर का असर होने पर जब महेश बेसुध होकर गिर पड़ा, तब कविता ने अपने प्रेमी गणेश को फोन किया। गणेश अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और बेसुध महेश को विश्वकर्मा की 14 नंबर रोड के पास लाकर सड़क किनारे छोड़ दिया। इसके बाद कविता ने परिजनों को फोन कर अचानक तबीयत बिगड़ने की झूठी कहानी सुनाई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया।

पिता के शक और सीसीटीवी ने खोले राज

शुरुआत में परिवार इसे प्राकृतिक मौत समझ रहा था, लेकिन घटना के 12 दिन बाद मृतक के पिता बाबूलाल मीणा को बहू के बयानों पर संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर रास्तों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में कविता, गणेश और अन्य युवक महेश को ले जाते हुए दिखाई दिए। पिता ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दिए। पुलिस की पूछताछ में कविता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल, पुलिस दोनों मुख्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य दो युवकों की भूमिका की भी जांच जारी है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment