राजस्थान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) में रविवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। हाल ही में मुख्य अभियंता (शहरी) मनीष बेनीवाल को एपीओ (APO) किए जाने के बाद खाली हुए महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए विभाग ने आनन-फानन में आदेश जारी किए हैं। संयुक्त शासन सचिव (प्रथम) प्रवीण कुमार लेखरा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विभाग ने 6 वरिष्ठ अभियंताओं को उच्च पदों का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है ।
देवराज सोलंकी को सबसे अहम जिम्मेदारी
विभाग द्वारा जारी सूची में सबसे महत्वपूर्ण नाम देवराज सोलंकी का है। वर्तमान में मुख्य अभियंता (परियोजना) जोधपुर के पद पर तैनात श्री सोलंकी को अब जयपुर मुख्यालय में मुख्य अभियंता (शहरी एवं एनआरडब्ल्यू) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है । मनीष बेनीवाल पर हुई कार्रवाई के बाद यह पद रिक्त चल रहा था, जिसे भरना सरकार के लिए प्राथमिकता थी।
सुरेन्द्र शर्मा और मुकेश बंसल का भी बढ़ा कद
विभाग ने मुख्यालय के कामकाज को सुचारू रखने के लिए अन्य रिक्त पदों पर भी नियुक्तियां की हैं:
- सुरेन्द्र शर्मा: वर्तमान में भरतपुर में अतिरिक्त मुख्य अभियंता (परियोजना) हैं, उन्हें अब मुख्य अभियंता (ग्रामीण), जयपुर का जिम्मा दिया गया है ।
- मुकेश कुमार बंसल: जो अतिरिक्त मुख्य अभियंता (राजपत्रित एवं विभागीय जांच) का काम देख रहे थे, उन्हें अब मुख्य अभियंता (प्रशासन), जयपुर का भारी-भरकम अतिरिक्त चार्ज दिया गया है ।
उदयपुर और चूरू रीजन में भी बदलाव
- शैतान सिंह: उदयपुर क्षेत्र के अतिरिक्त मुख्य अभियंता को अब वहीं मुख्य अभियंता (परियोजना), उदयपुर का दायित्व सौंपा गया है ।
- अजय सिंह राठौड़: जयपुर में अतिरिक्त मुख्य अभियंता (क्षेत्र प्रथम) के पद पर तैनात राठौड़ को अब अतिरिक्त मुख्य अभियंता (क्षेत्र द्वितीय), जयपुर का भी काम देखना होगा ।
- राममूर्ति चौधरी: चूरू में अधीक्षण अभियंता (परियोजना) के पद पर कार्यरत चौधरी को पदोन्नत करते हुए अतिरिक्त मुख्य अभियंता (परियोजना), चूरू का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है ।
आगामी आदेशों तक व्यवस्था लागू
सरकार द्वारा जारी आदेश (क्रमांक प.1 (6) पीएचई/2026-04505) में स्पष्ट किया गया है कि ये सभी अधिकारी अपने मूल पद के साथ-साथ आगामी आदेशों तक इन रिक्त पदों का कार्यभार भी संभालेंगे । यह फैसला गर्मियों से पहले पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से लिया गया माना जा रहा है।
