जयपुर हेरिटेज के संरक्षण के लिए एक्शन में आयुक्त डॉ. गौरव सैनी: पैदल निरीक्षण कर परखा परकोटा, लापरवाही पर सफाईकर्मी निलंबित

जयपुर, यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी जयपुर के संरक्षण, सौंदर्यकरण और संवर्धन को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। सोमवार को नगर निगम आयुक्त डाॅ. गौरव सैनी ने जेडीए, पर्यटन विभाग और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ किशनपोल जोन सहित परकोटे के विभिन्न पर्यटन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया।

2 घंटे तक पैदल भ्रमण, अव्यवस्थाओं पर बरसी गाज

आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने टीम के साथ करीब 2 घंटे तक पैदल चलकर सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर आयुक्त ने एक सफाई कर्मचारी को मौके पर ही निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही, तीन सीएसआई (CSI) और एसआई (SI) को चार्जशीट देने के आदेश जारी किए गए।

निरीक्षण के दौरान दिए गए मुख्य निर्देश:

  • अजमेरी गेट का कायाकल्प: अजमेरी गेट पर टूटे बैरिकेड्स हटाकर हेरिटेज लुक वाले नए बैरिकेड्स लगाने के निर्देश दिए गए।
  • केबल जाल से मुक्ति: दुकानों के बाहर लटके ऑप्टिकल फाइबर और बिजली के तारों को तुरंत हटाने को कहा गया।
  • ओपन डिपो की समाप्ति: परकोटा क्षेत्र से ‘ओपन डिपो’ को चरणबद्ध तरीके से खत्म कर सुव्यवस्थित कचरा प्रबंधन लागू करने की योजना पर जोर दिया गया।
  • बरामदों की मरम्मत: किशनपोल बाजार सहित चारदीवारी में क्षतिग्रस्त बरामदों की मरम्मत और वहां उगे अनचाहे पेड़ों को हटाने के निर्देश दिए।
  • उद्यान रख-रखाव: महावीर बस्ती पार्क में पेड़ों की छंटाई और सुव्यवस्थित रख-रखाव के आदेश दिए।

आमजन और व्यापारियों से संवाद

निरीक्षण के दौरान डॉ. सैनी ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से बातचीत कर हेरिटेज संरक्षण के लिए उनके सुझाव लिए। उन्होंने बड़ी चौपड़ पर सुलभ शौचालयों और जेडीए द्वारा निर्मित ‘टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर’ का भी अवलोकन किया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर को गंदा करने वालों और अवैध पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त की अपील: “सामूहिक प्रयासों से सवरेगा गुलाबी शहर”

आयुक्त ने आमजन से भावुक अपील करते हुए कहा कि जयपुर की सांस्कृतिक विरासत और यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज का सम्मान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे:

  1. शहर में अवैध पोस्टर और बैनर न लगाएं।
  2. अस्थाई या अवैध अतिक्रमण से बचें।
  3. सफाई व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।
Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!