पुलिस का बड़ा धमाका: लोकेशन लीक करने वाला कर्मचारी, स्प्लाइसिंग मशीन उड़ाने वाले शातिर और कबाड़ी सहित 4 दबोचे, 5 लाख का माल बरामद
जयपुर: राजधानी जयपुर में इंटरनेट और टेलीकॉम कंपनियों की नाक में दम करने वाले एक ‘हाईटेक’ चोर गिरोह का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। हैरानी की बात यह है कि इस गैंग का मास्टरमाइंड खुद कंपनी के अंदर बैठा एक कर्मचारी ही था, जो अपनी ही कंपनी से गद्दारी कर चोरों को लोकेशन लीक करता था। जयपुर दक्षिण पुलिस की स्पेशल टीम और मुहाना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस गैंग के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से 5 लाख रुपये कीमत की 2 महंगी स्प्लाइसिंग मशीनें बरामद की हैं।
कंपनी का ‘भेदिया’ देता था पल-पल की खबर
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज (IPS) के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आकाश एयरटेल कंपनी में ही कार्यरत था। वह शहर में फाइबर केबल रिपेयरिंग या मेंटेनेंस पर निकलने वाले कर्मचारियों की सटीक लोकेशन गिरोह के मुख्य शातिर चोरों को देता था। लोकेशन मिलते ही आरोपी राजेश राणा और रामअवतार गुर्जर बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचते और कर्मचारियों का ध्यान भटकते ही स्प्लाइसिंग मशीनों से भरा बैग लेकर फरार हो जाते थे। चोरी का यह माल वे विद्याधर नगर निवासी कबाड़ी अजय शर्मा को बेचते थे, जिसे पुलिस ने भी गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से हुआ खुलासा
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा और एसीपी मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा के निर्देशन तथा मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया के नेतृत्व में गठित टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इस शातिर नेटवर्क को ध्वस्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
अजय शर्मा उर्फ राजू (48): चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी
राजेश राणा उर्फ कालू (26): मुख्य चोर
रामअवतार गुर्जर उर्फ दल्ला (28): मुख्य चोर
आकाश (28): कंपनी का कर्मचारी और भेदिया