बीकानेर रेंज में ‘बेटियां’ असुरक्षित: नाबालिगों से दुष्कर्म के मामलों में 48.80% की भारी वृद्धि, 3 साल में 853 केस दर्ज, 3 की हत्या

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर रेंज से महिला और बाल अपराध को लेकर एक बेहद डराने वाली रिपोर्ट सामने आई है| बीकानेर रेंज के चारों जिलों में नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म (POCSO) के मामलों में हर साल भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है| हाल ही में बज्जू के रणजीतपुरा में 8वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है|

3 सालों में 853 केस, 48.80% की डराने वाली बढ़ोतरी

दैनिक भास्कर की एक्सक्लूसिव पड़ताल के अनुसार, पिछले तीन सालों के दौरान बीकानेर रेंज के पुलिस थानों में नाबालिगों से दुष्कर्म के कुल 853 मामले दर्ज हुए हैं| आंकड़ों पर गौर करें तो हर साल अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है:

  • वर्ष 2023: 250 मामले|
  • वर्ष 2024: 271 मामले|
  • वर्ष 2025: 372 मामले|

इन आंकड़ों के अनुसार, 2023 से 2025 के बीच इन मामलों में 48.80 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है| वहीं पिछले एक साल (2024 से 2025) में ही मामलों में 37.27% का इजाफा हुआ है| इन तीन सालों में सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) के भी 436 केस दर्ज हुए हैं|

दरिंदगी की इंतहा: 3 मामलों में गई जान

रिपोर्ट के मुताबिक, दरिंदों ने नाबालिगों के साथ सिर्फ दुष्कर्म ही नहीं किया, बल्कि तीन मामलों में रेंज के अंदर उनकी जान भी ले ली| इसके अलावा हाल ही में एक नाबालिग युवती ने सामूहिक दुष्कर्म से आहत होकर जहरीला स्प्रे पीकर अपनी जान दे दी थी|

दिल दहला देने वाली कुछ वारदातें:

  • जनवरी 2026: 9वीं कक्षा की छात्रा का दो युवकों ने अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया, जिसके बाद छात्रा ने जहर पीकर जान दे दी|
  • जून 2025: श्रीडूंगरगढ़ के एक गांव में कथित पुजारी ने 8 और 9 साल की दो चचेरी बहनों को प्रसाद देने के बहाने बुलाया और मंदिर के सामने ढाबे के पीछे ले जाकर दोनों से दुष्कर्म किया|
  • मार्च 2016: नोखा में 17 साल की छात्रा से शिक्षक ने दुष्कर्म किया और बाद में हत्या कर शव पानी के कुंड में फेंक दिया|

महिलाओं से दुष्कर्म के 1706 मुकदमे

पॉक्सो एक्ट के अलावा बीकानेर रेंज में महिलाओं से दुष्कर्म के मामलों की स्थिति भी चिंताजनक है| हालांकि इनमें तुलनात्मक रूप से कमी आई है| तीन साल में कुल 1706 मुकदमे दर्ज हुए हैं (2023 में 620, 2024 में 598 और 2025 में 488)| इनमें सामूहिक दुष्कर्म के 374, गैंगरेप के बाद हत्या के 5 और दुष्कर्म के बाद हत्या के 2 मामले शामिल हैं|

Share This Article
Leave a Comment