राजस्थान में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने दो अलग-अलग सफल कार्रवाइयों में करीब 60 लाख रुपए की अंतरराष्ट्रीय कीमत के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और महानिरीक्षक पुलिस (ANTF) विकास कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत जयपुर और ब्यावर जिलों में कुल 04 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से राजधानी जयपुर में रेव पार्टियों और युवाओं तक पहुंचने वाली नशे की बड़ी खेप समय रहते नाकाम हो गई।
कार्रवाई-1: जयपुर में ‘हाइटेक’ ऑनलाइन ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़
राजधानी के मानसरोवर थाना क्षेत्र में सिटी पार्क के पास ANTF और स्थानीय पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में एमडी (MD) ड्रग्स और अफीम बरामद करते हुए 02 तस्करों को दबोचा।
- पढ़ाई की आड़ में तस्करी: मुख्य आरोपी मनीष ढाका (20 वर्ष) साल 2023 में बी-फार्मेसी की पढ़ाई करने जयपुर आया था, जो कम समय में अमीर बनने के चक्कर में बाड़मेर के मुख्य तस्कर के संपर्क में आ गया। उसने अपने साथी गोपीकृष्ण उर्फ प्रिंस (20 वर्ष) को भी इस काले धंधे में शामिल कर लिया और दोनों किराए के कमरे बदल-बदल कर रैकेट चला रहे थे।
- अनोखा ‘मॉडस ऑपरेंडी’: तस्कर रैपिडो और पोर्टर जैसे ऑनलाइन राइड व डिलीवरी ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे थे। नशीले पदार्थों को ‘मिंत्रा’ जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के पार्सल बैग्स और जिपदार पाउच में पैक किया जाता था ताकि किसी को शक न हो।
- लोकेशन ड्रॉप सिस्टम: रात के वक्त कूरियर सेवाएं बंद होने पर आरोपी जीपीएस लोकेशन और तस्वीरें वॉट्सऐप पर भेजकर माल ठिकाने लगाते थे। प्रति राइड 200 रुपए का कमीशन दिया जाता था। कमरे से 439 ग्राम एमडी, 466 ग्राम अफीम, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और पैकिंग सामग्री जब्त हुई है।
कार्रवाई-2: ब्यावर में फिल्मी स्टाइल में चेज़, रेलवे दीवार से टकराई तस्करों की ब्रेजा
दूसरी बड़ी सफलता ब्यावर सदर थाना क्षेत्र में मिली, जहां ANTF को चित्तौड़गढ़ से जोधपुर अवैध डोडा-पोस्त ले जाए जाने की सूचना मिली थी।
- नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश: मकरेड़ा रेलवे लाइन सर्विस रोड पर नाकाबंदी देख तस्करों ने ब्रेजा कार की रफ्तार बढ़ा दी, जो भागने के चक्कर में रेलवे पुलिया की दीवार से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
- सीक्रेट चेंबर से बरामदगी: पुलिस ने घेराबंदी कर दो तस्करों—लेखाराम उर्फ पीपी (हिस्ट्रीशीटर व इनामी) और सूर्यप्रकाश उर्फ सुरेश—को दबोच लिया। कार की डिग्गी और सीटों के नीचे बने सीक्रेट चेंबर से 248.140 किलोग्राम डोडा-पोस्त और गियर बॉक्स के पास से 940 ग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ। गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी हुई थी।
आईजीपी विकास कुमार ने बताया कि जयपुर में पकड़े गए आरोपियों के बाड़मेर कनेक्शन और सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है ताकि गिरोह के मुख्य सरगना को भी जल्द बेनकाब किया जा सके।