मकर संक्रांति पर कुड़गांव पुलिस का मीठा संदेश: नियम मानने वालों को मिली रेवड़ी, उल्लंघन करने वालों पर चला डंडा

करौली, मकर संक्रांति के पावन पर्व पर करौली की कुड़गांव थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखा और सराहनीय नवाचार किया है। थानाधिकारी मंजू फौजदार के नेतृत्व में पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का मुंह मीठा करवाकर उनका उत्साहवर्धन किया, वहीं लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की।

जागरूक चालकों का ‘रेवड़ी’ से स्वागत

भरतपुर रेंज आईजी कैलाशचंद्र विश्नोई और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान’ के तहत बुधवार को कुड़गांव पुलिस सड़क पर उतरी। इस दौरान जो दुपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनकर और चौपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाकर निकले, उन्हें थानाधिकारी ने स्वयं रोककर रेवड़ी वितरित की। पुलिस के इस व्यवहार ने आमजन को सुखद अहसास कराया और सुरक्षित सफर के प्रति प्रोत्साहित किया।

नियम तोड़ने वाले 11 चालकों के कटे चालान

सराहना के साथ-साथ पुलिस ने सख्ती भी दिखाई। अभियान के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले और बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले 11 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी की अपील: ‘सुरक्षा ही सबसे बड़ा उपहार’

थानाधिकारी मंजू फौजदार ने वाहन चालकों और ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन की रक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने अपील की कि पर्व के उल्लास के बीच अपनी और दूसरों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।

इस कार्रवाई के दौरान थाना पुलिस का जाब्ता मौजूद रहा, जिन्होंने आमजन को यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

Share This Article
Leave a Comment