बीकानेर: बीकानेर के विकास को नई रफ्तार देने और शहर को महानगरों जैसी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए भजनलाल सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शुक्रवार शाम बीकानेर कलेक्ट्रेट में बीडीए (बीकानेर विकास प्राधिकरण), नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और आरएसआरडीसी के अधिकारियों की क्लास ली। मैराथन समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट अल्टीमेटम दिया कि बड़े प्रोजेक्ट्स में लेतलाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर काम तय समय सीमा (Deadline) में पूरा होना चाहिए।
7 से 15 दिन में हो मॉनिटरिंग, गुणवत्ता से समझौता नहीं मंत्री गोदारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट्स की केवल कागजी खानापूर्ति न करें, बल्कि धरातल पर उतरकर हर 7 से 15 दिन में कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और सौंदर्यकरण को लेकर सख्त निर्देश दिए। इसमें मेडिकल कॉलेज चौराहे को सुधारने, अंबेडकर सर्किल से तुलसी सर्किल तक सड़क ठीक करने और पीबीएम अस्पताल परिसर से आवारा पशुओं को तुरंत हटाने की हिदायत दी गई।
जयपुर सेंट्रल पार्क की तर्ज पर 55 करोड़ से बनेगी ‘कबीर वाटिका’ बीकानेरवासियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी ‘कबीर वाटिका’ (Kabir Vatika) है। बीडीए कमिश्नर अपर्णा गुप्ता ने बताया कि 22 हेक्टेयर जमीन पर 55 करोड़ रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक पार्क तैयार किया जाएगा। खास बात यह है कि इसे जयपुर के मशहूर ‘सेंट्रल पार्क’ बनाने वाली फर्म ही विकसित कर रही है। दावा किया जा रहा है कि सुविधाओं और खूबसूरती के मामले में यह पार्क जयपुर के सेंट्रल पार्क से भी बेहतर होगा और अगले दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा।
बीडीए हुआ मालामाल, जनवरी में लाएगा 3-4 नई कॉलोनियां बैठक में बताया गया कि बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) की आर्थिक स्थिति अब बेहद मजबूत हो गई है। पिछले साल जहां राजस्व 90 करोड़ था, वहीं इस साल यह चार गुना बढ़कर 332 करोड़ रुपये हो गया है। बीडीए कमिश्नर ने जानकारी दी कि जनवरी के आखिर तक शहर में 3 से 4 नई आवासीय कॉलोनियां लॉन्च की जाएंगी, जिनका रेरा (RERA) में रजिस्ट्रेशन चल रहा है। साथ ही, जोड़बीड़ में घर बनाने वाले पहले पांच लोगों को मुफ्त वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी दिया जाएगा।
2-3 महीने में सड़कों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें बीकानेर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी बड़ा बदलाव आने वाला है। निगम कमिश्नर मयंक मनीष ने बताया कि केंद्र सरकार की योजना के तहत अगले 2 से 3 महीनों में 20 इलेक्ट्रिक सिटी बसें बीकानेर पहुंच जाएंगी। इनके लिए एमजीएसयू (MGSU) के सामने डिपो तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा, शहर की बड़ी समस्या कोटगेट और सांखला फाटक रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) के लिए बॉक्स कास्टिंग का काम शुरू हो चुका है, जिसे अगले 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
