जयपुर में खौफनाक वारदात: 3 दिन पहले कमरा खाली करने वाले किराएदार ने मकान मालिक को मौत के घाट उतारा

जयपुर (राजस्थान)। राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में पुराने किराए और मकान खाली करने को लेकर उपजा विवाद एक खौफनाक वारदात में बदल गया। मध्यम मार्ग पर गुरुवार शाम एक पूर्व किराएदार ने मकान मालिक के सिर पर सीमेंट की ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

3 साल से रह रहा था आरोपी, बुधवार को खाली किया था मकान पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रजतपथ निवासी दीपक कुलश्रेष्ठ (52) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। दीपक ने अपना एक दूसरा मकान मध्यम मार्ग पर किराए पर दे रखा था। आरोपी महेश शर्मा पिछले करीब तीन साल से इसी मकान में किराएदार के रूप में रह रहा था। दोनों के बीच पिछले काफी समय से किराया चुकाने और मकान खाली करने को लेकर तनातनी चल रही थी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी महेश ने बुधवार को आखिरकार मकान खाली कर दिया था।

चाबी देने के बहाने बुलाया और शुरू हो गई बहस घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे की है। आरोपी महेश शर्मा मकान की चाबी लौटाने के बहाने पहुंचा था। इसी दौरान दीपक कुलश्रेष्ठ भी वहां पहुंचे। दोनों के बीच पुराने बकाए किराए के हिसाब-किताब और मकान खाली करने की शर्तों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई की नौबत आ गई।

चौक में पड़ी सीमेंट की ईंट से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार हाथापाई के दौरान गुस्से में आकर महेश ने मकान के चौक में पड़ी सीमेंट की मजबूत ईंट उठा ली और दीपक के सिर पर एक के बाद एक कई जानलेवा वार कर दिए। सिर में गहरी चोट लगने के कारण दीपक लहुलूहान होकर फर्श पर गिर पड़े और अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया।

देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो खुला राज दीपक जब काफी देर तक अपने घर नहीं लौटे, तो परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। परिचित जब मध्यम मार्ग स्थित किराए वाले मकान पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। दीपक चौक में खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल मानसरोवर थाना पुलिस को दी गई।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही मानसरोवर थाना पुलिस के आला अधिकारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल को सील कर दिया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में हत्या का मुख्य कारण बकाया किराए का विवाद ही सामने आया है। आरोपी महेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के भागने के रूट का पता लगाकर उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment