सवाई माधोपुर: ACB का बड़ा एक्शन, 70 हजार रुपये घूस लेते रेलवे पुलिस चौकी का आरक्षक गिरफ्तार

जयपुर/सवाई माधोपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देश पर सवाई माधोपुर एसीबी यूनिट ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी (सवाई माधोपुर) में तैनात आरक्षक (कांस्टेबल) मोहम्मद नदीम कुरेशी को एसीबी की टीम ने 70,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रेलवे सामान चोरी के एक मामले में परिवादी को आरोपी (मुल्जिम) नहीं बनाने की एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

चोरी के मामले में नाम नहीं जोड़ने के लिए मांगी थी घूस

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने जानकारी दी कि सवाई माधोपुर एसीबी चौकी पर एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लाखेरी रेलवे पुलिस चौकी क्षेत्र में रेलवे सामान चोरी का एक प्रकरण दर्ज है। इस मामले में उसे मुल्जिम नहीं बनाने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था और इसके एवज में आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

एसीबी ने किया था गोपनीय सत्यापन

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने गत 25 अगस्त को रिश्वत की मांग का गोपनीय सत्यापन कराया था। सत्यापन के दौरान आरोपी आरक्षक ने परिवादी को मामले में राहत देने की एवज में पहले 80 हजार और फिर मोलभाव के बाद 70 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई थी।

घर पर रिश्वत लेते दबोचा गया आरोपी

सोमवार को तय योजना के तहत आरोपी कांस्टेबल मोहम्मद नदीम कुरेशी खुद परिवादी के संपर्क में आया और रिश्वत की रकम लेने उसके घर पहुंचा। जैसे ही उसने परिवादी से 70 हजार रुपये की नकदी ली, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। एसीबी ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है।

अधिकारियों के सुपरविजन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई एसीबी भरतपुर रेंज के उप महानिरीक्षक (DIG) ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और सवाई माधोपुर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रामेश्वर परिहार के नेतृत्व में की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment