आगामी नगर निगम चुनाव में खपाने लाए थे जाली नोट: बांग्लादेश से जुड़ा जाली नोटों का अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 4.30 लाख के जाली नोटों के साथ 4 गिरफ्तार

जयपुर: जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (CST) और बजाज नगर थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए जाली नोटों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4,30,500 रुपए (चार लाख तीस हजार पांच सौ रुपए) के जाली नोट बरामद किए हैं। साथ ही, तस्करों द्वारा परिवहन में प्रयुक्त दो लग्जरी वाहन (फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो) भी जब्त किए गए हैं

गोपालपुरा पुलिया के पास की गई कार्रवाई

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के मार्गदर्शन, विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन और डीसीपी क्राइम संजीव नैन के सुपरविजन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। बजाज नगर थाने के थानाधिकारी रामधन मीना और सीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि जयपुर में जाली नोटों की एक बड़ी खेप लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर गोपालपुरा पुलिया के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही एक स्कॉर्पियो और पीछे चल रही फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। फॉर्च्यूनर में रखे नीले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 500-500 रुपए के जाली नोटों की 10 गड्डियां (कुल 861 नोट, कुल कीमत 4,30,500 रुपए) बरामद हुईं

बांग्लादेश से जुड़े हैं तार, चुनाव में खपाने की थी योजना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी ये जाली नोट मुख्य सरगना अमन राणा (निवासी गांधीपथ, रोहतक, हरियाणा) से लेकर आए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के तार बांग्लादेश से जुड़े हुए हैं और इन नकली नोटों की इस बड़ी खेप को आगामी नगर निगम चुनावों में बाजार में खपाने की योजना थी

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण और आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने इस मामले में हरियाणा और सीकर के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  1. अंशुल (पुत्र राजू, निवासी राजीव कॉलोनी, रोहतक, हरियाणा) – इसके खिलाफ रोहतक के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
  2. साहिल चौधरी (पुत्र रामचंद्र चौधरी, निवासी रामसीसर, सीकर) – इसके खिलाफ पूर्व में जयपुर पश्चिम के बगरू थाने में मामला दर्ज है।
  3. प्रियांशु (पुत्र राजवीर, निवासी रोहतक, हरियाणा)
  4. आकाश (पुत्र विजय सिंह, निवासी कलानौर, रोहतक, हरियाणा)

पुलिस थाना बजाज नगर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 178, 179 और 180 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों का खुलासा होने की संभावना है


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment