करौली में ‘कलेक्टर अंकल’ ने ली नौनिहालों की सुध: हीट वेव के चलते आंगनवाड़ी केंद्रों में 15 दिन का अवकाश घोषित

करौली: जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों को बड़ी राहत दी है। करौली जिला कलक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अक्षय गोदारा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए 15 दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।

मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि होने की चेतावनी के बाद यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यह अवकाश 22 मई 2026 से 5 जून 2026 तक लागू रहेगा।

केवल 3 से 6 वर्ष के बच्चों की रहेगी छुट्टी

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह अवकाश केवल आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए ही लागू होगा। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के अध्याय 4 की धारा 30 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया गया है।

नोट: अवकाश के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका केंद्रों पर अपने नियमित समय के अनुसार यथावत कार्य करते रहेंगे। उनके लिए कोई अवकाश नहीं है।

बच्चों को घर पर मिलेगा राशन (Take Home Ration)

आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं:

  • अवकाश की इस अवधि (22 मई से 5 जून) के दौरान बच्चों को केंद्र पर दिया जाने वाला गरम पका भोजन (Hot Cooked Meal – HCM) और नाश्ता नहीं परोसा जाएगा।
  • इसके स्थान पर बच्चों को अब टेक होम राशन (THR) के रूप में पोषण सामग्री उनके घर तक उपलब्ध करवाई जाएगी।

आदेश की अवहेलना पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई संबंधित अधिकारी या कर्मचारी इस आदेश की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन के इस फैसले से चिलचिलाती धूप में केंद्रों तक जाने वाले नौनिहालों और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।

Share This Article
Leave a Comment