अलवर: कोर्ट में रिपोर्ट भेजने की एवज में रिश्वत मांगने वाला बाबू नपा, ACB ने भ्रष्टाचार का मामला किया दर्ज

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अलवर के वन विभाग कार्यालय में तैनात एक कनिष्ठ सहायक (बाबू) के खिलाफ रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में मामला दर्ज किया है । आरोपी प्रसून सैनी ने एक परिवादी के जब्त डम्पर की अधिग्रहण रिपोर्ट न्यायालय में भिजवाने के बदले 35,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी

क्या है पूरा मामला? परिवादी मुबीन का एक टाटा डम्पर (RJ 40 GA 0354) वन विभाग द्वारा जब्त किया गया था । इसे छुड़ाने के लिए जब मुबीन ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र पेश किया, तो अदालत ने ‘कार्यालय प्राधिकृत अधिकारी एवं सहायक वन संरक्षक, अलवर’ से अधिग्रहण की रिपोर्ट मांगी । आरोपी बाबू प्रसून सैनी ने इस रिपोर्ट को न्यायालय भेजने के लिए रिश्वत की मांग की

सत्यापन में खुली पोल ACB द्वारा की गई गोपनीय जांच और वॉयस रिकॉर्डर के जरिए किए गए सत्यापन में यह सामने आया कि आरोपी ने 35,000 रुपये की मांग की थी, जो बाद में 30,000 रुपये पर तय हुई । आरोपी ने सत्यापन के दौरान ही परिवादी से मौके पर 20,000 रुपये प्राप्त कर लिए और शेष 10,000 रुपये की मांग जारी रखी

आगे की कार्रवाई हालांकि, बाद के दिनों में आरोपी के कार्यालय में उपस्थित न होने के कारण ट्रैप की कार्रवाई सफल नहीं हो सकी, लेकिन रिश्वत की मांग और आंशिक राशि लेने की पुष्टि होने पर ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत FIR दर्ज की है । मामले की विस्तृत जांच अब उप अधीक्षक पुलिस साबीर खान को सौंपी गई है

Share This Article
Leave a Comment