‘उदयपुर फाइल्स’ से मचेगा हड़कंप? टीकाराम जूली का दावा- भाजपा का बड़ा मामला होगा उजागर

जयपुर/उदयपुर: उदयपुर में चल रहे ब्लैकमेलिंग और रेप के एक हाई प्रोफाइल मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दावा किया है कि उनके पास जल्द ही ‘उदयपुर फाइल्स’ आने वाली है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े एक बड़े मामले का भंडाफोड़ होगा।

क्या है पूरा मामला? यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक महिला नेता ने एक वकील पर ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म का आरोप लगाया। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का इस्तेमाल कर उसका एक आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे डराया-धमकाया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी एडवोकेट को 12 फरवरी को गिरफ्तार किया था।

सियासी बयानबाजी और प्रदर्शन बुधवार को जयपुर में मीडिया से बात करते हुए टीकाराम जूली ने कहा:

“किसी ने उदयपुर फाइल्स देखी है? अगर देखी हो तो बताना। मेरे पास भी जल्द ही उदयपुर फाइल्स आ रही है, जिसमें भाजपा का एक बड़ा कच्चा-चिट्ठा उजागर होगा।”

उधर, उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में निर्दोष लोगों को परेशान किया गया और कुछ घरों में तोड़फोड़ भी की गई।

राज्यपाल से मिला परिवार मामले में एक नया मोड़ तब आया जब आरोपी वकील के परिवार (मां, पत्नी और बेटा) ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से सर्किट हाउस में मुलाकात की। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने एक बड़े नेता के इशारे पर उनके घर में तोड़फोड़ की और महिलाओं के साथ अभद्रता की। फिलहाल आरोपी वकील जेल में है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment