सरमथुरा, धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। मदनपुर वनखंड में अवैध पत्थर के ब्लॉक उठा रही एक हाइड्रा मशीन को जब्त करने के दौरान कछपुरा गांव के पास 40-50 महिला-पुरुषों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से वनकर्मियों पर धावा बोल दिया। इस हमले में वन विभाग का राजकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है।
जंगल के रास्ते हाइड्रा लेकर भागा चालक
क्षेत्रीय वन अधिकारी (वन्यजीव) देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मुख्य वन संरक्षक भरतपुर के निर्देशानुसार अवैध खनन के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। गश्ती दल प्रभारी नीतेश जोशी के नेतृत्व में टीम जब मदनपुर वनखंड पहुंची, तो वहां एक हाइड्रा मशीन अवैध खनन में लिप्त पाई गई। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक मशीन को जंगल के रास्ते गांव कछपुरा की तरफ भगा ले गया।
एकराय होकर ग्रामीणों ने किया हमला
वन विभाग की टीम ने पीछा कर हाइड्रा मशीन को कब्जे में ले लिया और उसे आंगई थाने ले जाने लगे। इसी दौरान कछपुरा गांव के पास करीब 40-50 लोगों की भीड़ ने रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में राजकीय वाहन (बोलेरो कैंपर संख्या RJ 11 GB 0352) के शीशे टूट गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। भीड़ के उग्र होने पर हमलावर जब्त हाइड्रा मशीन को जबरन छुड़ाकर गांव के अंदर ले गए।
पुलिस की मदद से दोबारा जब्त की गई मशीन
वन विभाग ने तुरंत आंगई पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस बल के मौके पर पहुंचने के बाद टीम दोबारा गांव कछपुरा पहुंची और घेराबंदी कर हाइड्रा मशीन को फिर से बरामद किया। सुरक्षा की दृष्टि से जब्त मशीन को बरौली पौधशाला में खड़ा करवाया गया है।
फॉरेस्ट एक्ट में मामला दर्ज
वन विभाग ने इस मामले में राजकार्य में बाधा डालने, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और हमले को लेकर नामजद व अन्य के खिलाफ फॉरेस्ट एक्ट एवं संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे हैं।
