राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोग द्वारा इस भर्ती परीक्षा के लिए आवंटित जिलों की जानकारी 29 मार्च 2026 को सार्वजनिक की जाएगी। अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी (SSO ID) के माध्यम से लॉगिन कर यह जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
2 अप्रैल को अपलोड होंगे एडमिट कार्ड
आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि अभ्यर्थियों के विस्तृत प्रवेश पत्र (Admit Cards) 2 अप्रैल 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र क्रमांक (Application Number) और जन्मतिथि प्रविष्ट कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम
सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 5 और 6 अप्रैल 2026 को दो चरणों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय इस प्रकार रहेगा:
- प्रथम पारी: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक (विषय: सामान्य हिंदी)
- द्वितीय पारी: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक (विषय: जनरल नॉलेज एवं जनरल साइंस)
OMR के लिए 10 मिनट अतिरिक्त, 5वां विकल्प अनिवार्य
परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए आयोग ने ओएमआर शीट में पांचवें विकल्प का नियम लागू किया है। अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट में किसी भी सवाल को खाली न छोड़ने और पांचवें विकल्प को सही ढंग से भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
अभ्यर्थी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक या सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक का उपयोग भी कर सकते हैं।
