Rajasthan IPS Transfer: पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 21 IPS अधिकारियों के तबादले; शरत कविराज बने जोधपुर पुलिस कमिश्नर

राहुल प्रकाश को मिली जयपुर रेंज की कमान, अजय पाल लांबा SOG में लौटे; देखें पूरी लिस्ट

By Admin

राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने सोमवार को एक बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है । सरकार ने तत्काल प्रभाव से 21 आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं । इस सूची में एडीजी (ADG), आईजी (IG) और डीआईजी (DIG) स्तर के कई बड़े अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव जोधपुर कमिश्नरेट और जयपुर रेंज में किया गया है। सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस शरत कविराज को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है, जो अब तक एसओजी में आईजी के पद पर कार्यरत थे । वहीं, तेजतर्रार अधिकारी राहुल प्रकाश को जयपुर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बनाया गया है; वे इससे पहले जयपुर आयुक्तालय में विशेष आयुक्त (ऑपरेशन्स) की भूमिका में थे । जोधपुर के निवर्तमान पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश-I को अब जयपुर में आईजी (ऑपरेशन्स) लगाया गया है । इसी तरह राजेश मीणा को जोधपुर रेंज आईजी के पद से हटाकर आईजी होमगार्ड्स भेजा गया है, जबकि उनकी जगह सत्येन्द्र सिंह को जोधपुर रेंज का नया आईजी बनाया गया है ।

अपराध शाखा और एसओजी जैसी महत्वपूर्ण विंग्स में भी बड़े बदलाव हुए हैं। चर्चित आईपीएस अजय पाल लांबा की एसओजी में वापसी हुई है और उन्हें आईजी एसओजी की जिम्मेदारी दी गई है । हवा सिंह घुमारिया को एडीजी क्राइम से हटाकर एडीजी मुख्यालय लगाया गया है, जबकि उनकी जगह बिपिन कुमार पाण्डेय को एडीजी क्राइम का जिम्मा सौंपा गया है । बिपिन कुमार पाण्डेय अपने पद के साथ-साथ एडीजी (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे । इसके अलावा प्रफुल्ल कुमार को पदोन्नति के साथ एडीजी इन्टेलिजेन्स और एच.जी. राघवेन्द्र सुहासा को एडीजी ट्रेनिंग के पद पर लगाया गया है ।

अन्य प्रमुख तबादलों में प्रीति चन्द्रा को पदोन्नत कर आईजी कानून एवं व्यवस्था की अहम जिम्मेदारी दी गई है । ओम प्रकाश-II को बीकानेर रेंज का आईजी बनाया गया है, जबकि हेमन्त कुमार शर्मा को बीकानेर रेंज से हटाकर आईजी एससीआरबी लगाया गया है । राजेश सिंह अब आईजी एटीएस होंगे और कालू राम रावत को आईजी सिविल राइट्स एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग बनाया गया है । विकास कुमार को आईजी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और राजेन्द्र प्रसाद गोयल को आईजी कोटा रेंज के पद पर तैनात किया गया है । यह आदेश संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया है ।

Share This Article
Leave a Comment