पीएम मोदी का अजमेर दौरा: राजस्थान को 17,000 करोड़ की सौगात, बोले- ‘हम सत्ता भाव से नहीं, संवेदनशीलता से करते हैं काम’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि उनकी सरकार सत्ता भाव से नहीं, बल्कि पूर्ण संवेदनशीलता के साथ जनता के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए विरासत और विकास दोनों को एक साथ लेकर चल रही है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान विकास के एक नए पथ पर अग्रसर हुआ है और राज्य सरकार अपने वादों को तेजी के साथ पूरा कर रही है। शनिवार को अजमेर स्थित कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह बातें कहीं। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित थे। पीएम मोदी ने कहा कि हम ‘विकसित राजस्थान से विकसित भारत’ के मूल मंत्र पर लगातार काम कर रहे हैं।

17 हजार करोड़ की परियोजनाओं से युवाशक्ति और नारीशक्ति को संबल

अपने संबोधन से पूर्व प्रधानमंत्री ने करीब 17 हज़ार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। युवाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दो साल पहले तक राजस्थान में केवल भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें आती थीं, लेकिन अब पेपर लीक पर लगाम लगी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 21,863 युवाओं को शुभकामनाएं भी दीं। नारीशक्ति के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने देशव्यापी एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शौचालय, उज्ज्वला गैस योजना और मातृ वंदना योजना जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं का मिशन मोड पर समाधान किया है।

कनेक्टिविटी, पानी और सौर ऊर्जा से बदलेगी राजस्थान की तकदीर

प्रधानमंत्री ने राजस्थान में आधुनिक कनेक्टिविटी पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़क, रेल और हवाई सुविधाओं से न केवल सफर आसान होता है बल्कि पूरे क्षेत्र की किस्मत बदल जाती है और निवेश के अवसर बढ़ते हैं। कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन को सीधा लाभ मिलता है, जिससे स्थानीय कारीगरों, होटल और टैक्सी चालकों को काम मिलता है। सिंचाई परियोजनाओं पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने ईआरसीपी (ERCP) जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को फाइलों और घोषणाओं में उलझाकर लटकाए रखा, लेकिन हमारी सरकार ने आते ही इसे धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि नदियों को जोड़ने के अभियान से राजस्थान को बड़ा फायदा मिलेगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है। ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सरकार सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपए की सीधी सहायता दे रही है, जिससे प्रदेश के सवा लाख से अधिक परिवारों का बिजली बिल लगभग जीरो आ रहा है। पीएम मोदी ने तीर्थराज पुष्कर, वीर तेजा जी और भगवान देवनारायण सहित राजस्थान के आराध्यों को नमन किया और मेजर दलपत सिंह के शौर्य को भी याद किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विजन: विकसित राजस्थान 2047 और $4.3 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत अब एक वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की ‘राजस्थान राइजिंग, रिलाएबल, रिसेप्टिव और रिफाइन’ की अवधारणा को ध्येय मानकर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और युवाओं को 4 लाख सरकारी नौकरियां देने के संकल्प की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कृषि बजट में भारी बढ़ोतरी, लखपति दीदी योजना में 16 लाख महिलाओं को शामिल करने और जल जीवन मिशन में 14 लाख से अधिक कनेक्शन देने जैसी उपलब्धियां गिनाईं। श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री द्वारा वर्षों से लंबित जल विवादों के समाधान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने ‘विकसित राजस्थान 2047’ का विजन दस्तावेज जारी किया है। इस वर्ष के बजट में सरकार ने वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि देश की 11 प्रमुख योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर है और ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है।

Share This Article
Leave a Comment