जयपुर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 30 जनवरी को पूरे प्रदेश में ‘शहीद दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के सम्मान में राजधानी जयपुर सहित पूरे जिले में सुबह 11 बजे दो मिनट का सामूहिक मौन रखा जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने बताया कि इस कार्यक्रम को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। मौन की शुरुआत और समाप्ति के संकेत के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों में साइरन बजाए जाएंगे।
सायरन का समय और प्रक्रिया:
- शुरुआत: सुबह 10 बजकर 59 मिनट 15 सेकंड पर पहला सायरन बजेगा, जो मौन शुरू होने का संकेत होगा।
- समाप्ति: 11 बजकर 02 मिनट पर दूसरा सायरन बजेगा, जिसके साथ 2 मिनट का मौन समाप्त होगा।
कलेक्ट्रेट सहित 13 स्थानों पर लगेंगे सायरन
जिला प्रशासन द्वारा मौन संकेत के सफल प्रसारण के लिए कलेक्ट्रेट सहित जयपुर जिले के 13 चिन्हित स्थानों पर सायरनों का प्रयोग किया जाएगा। आमजन को किसी प्रकार का भ्रम न हो, इसके लिए 28 और 29 जनवरी को सुबह 10 बजकर 59 मिनट पर सायरन बजाकर इनका ट्रायल (परीक्षण) भी किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने सभी विभागों और आम नागरिकों से अपील की है कि 30 जनवरी को सुबह 11 बजे जहाँ भी हों, दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।
