जोधपुर | सनसिटी जोधपुर (Jodhpur) में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जो हैरान करने के साथ-साथ लोगों के चेहरे पर मुस्कान भी ला रही है। मामला शहर के व्यस्ततम इलाके नई सड़क (New Road) का है, जहां एक चोर ने हैंडीक्राफ्ट की दुकान के बाहर रखे भारी-भरकम हाथी पर ही हाथ साफ कर दिया।
30 किलो का हाथी और दुबला-पतला चोर
घटना उदय मंदिर थाना क्षेत्र की है। नई सड़क पर स्थित ‘गणेश हैंडीक्राफ्ट’ (Ganesh Handicraft) के बाहर सजावट के लिए रखा गया करीब 30 किलो वजन का एक कीमती हैंडीक्राफ्ट हाथी चोरी हो गया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक दुबला-पतला युवक वहां पहुंचता है और काफी मशक्कत के बाद भारी हाथी को उठाकर अपने साथ लाए बोरे (कट्टे) में भर लेता है।
सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल
चोरी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चोर जिस तरह संघर्ष करके हाथी को बोरे में डालता है, उसे देखकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। दुकानदार की शिकायत पर उदय मंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ‘हाथी चोर’ की तलाश शुरू कर दी है।
