JJM Scam: पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल से 10 घंटे पूछताछ, 125 सवालों के जवाब देने से किया इनकार

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने शनिवार को जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में गिरफ्तार सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल से करीब 10 घंटे तक कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान एसीबी ने 125 सवालों की एक विस्तृत सूची तैयार कर रखी थी, लेकिन सुबोध अग्रवाल ने कई अहम सवालों के जवाब देने से इनकार कर दिया और अपनी किसी भी भूमिका से पूरी तरह मुकर गए।

पूछताछ के दौरान हुए भावुक

एसीबी सूत्रों के अनुसार, 960 करोड़ रुपये के टेंडर घोटाले और इरकॉन (IRCON) के फर्जी सर्टिफिकेट्स से जुड़े सवालों पर सुबोध अग्रवाल से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पूर्व अधिकारी काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखें भर आईं। एसीबी की टीम टेंडर अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दिए गए अनुचित लाभ की गहराई से जांच कर रही है।

इंजीनियरों की बढ़ सकती है मुश्किलें

13 अप्रैल तक एसीबी रिमांड पर चल रहे सुबोध अग्रवाल से पूछताछ में विभाग के कई अन्य इंजीनियरों की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है । एसीबी अब सुबोध अग्रवाल से मिले जवाबों के आधार पर नए सवाल तैयार कर रही है, जिन पर रविवार को दोबारा पूछताछ की जाएगी।

मामले की पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि एसीबी अधिकारियों ने 9 अप्रैल 2026 को पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल को नई दिल्ली से हिरासत में लिया था । उन पर पद का दुरुपयोग करते हुए टेंडर प्रक्रिया की शर्तों में हेरफेर करने और फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर 50 करोड़ रुपये तक के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी देने के गंभीर आरोप हैं । इस पूरे प्रकरण में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के टेंडरों में पद का दुरुपयोग और व्यापक भ्रष्टाचार का अंदेशा है ।

एसीबी की एसआईटी टीम अब दस्तावेजी साक्ष्यों और पूछताछ से मिले तथ्यों का गहन विश्लेषण कर रही है ताकि इस बड़े घोटाले की हर परत को बेनकाब किया जा सके।

Share This Article
Leave a Comment