हवाई यात्रियों के लिए अलर्ट! जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे मेंटेनेंस शुरू, चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट भी हुई री-शेड्यूल

जयपुर: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। एयरपोर्ट के रनवे के रख-रखाव और संचालन से जुड़े आवश्यक कामकाज के चलते आज (17 मार्च) से नोटम (NOTAM – Notice to Airmen) लागू कर दिया गया है। इसके कारण 17 से 23 मार्च तक रोजाना 4 घंटे (दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक) रनवे बंद रहेगा, जिससे उड़ानों के संचालन पर सीधा असर पड़ा है।

नोटम के कारण इंडिगो एयरलाइंस की अहमदाबाद और दिल्ली जाने वाली दो नियमित उड़ानों को अस्थाई रूप से रद्द कर दिया गया है, जबकि चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट के समय और फ्रिक्वेंसी में भारी कटौती की गई है। कुल मिलाकर 6 उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है।

ये उड़ानें रहेंगी पूरी तरह रद्द (17 से 23 मार्च तक):

दोपहर 1 बजे से नोटम लागू होने के कारण इंडिगो की निम्नलिखित उड़ानें अगले एक सप्ताह तक उड़ान नहीं भरेंगी:

  • जयपुर-अहमदाबाद (6E-7031): दोपहर 1:25 बजे जयपुर से रवाना होने वाली फ्लाइट कैंसिल।
  • जयपुर-दिल्ली (6E-5096): दोपहर 1:55 बजे जयपुर से रवाना होने वाली फ्लाइट कैंसिल।

(नोट: ये दोनों नियमित उड़ानें 24 मार्च से अपने निर्धारित समय पर फिर से शुरू कर दी जाएंगी।)

चंडीगढ़ की उड़ान में हुआ बड़ा बदलाव

जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इंडिगो एयरलाइंस की जयपुर-चंडीगढ़ फ्लाइट (6E-7516) सामान्य दिनों में सप्ताह में पांच दिन संचालित होती है। लेकिन, रनवे नोटम की इस अवधि के दौरान:

  • अब यह फ्लाइट इस पूरे सप्ताह में केवल एक दिन (22 मार्च को) ही संचालित की जाएगी।
  • बदला हुआ समय: 22 मार्च को यह उड़ान अपने नियमित समय दोपहर 1:45 बजे के बजाय दोपहर 12:50 बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी
Share This Article
Leave a Comment