जयपुर ACB का सीकर में बड़ा धमाका: ED का हेड कॉन्स्टेबल 13 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ऐसे बिछाया जाल

सीकर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जयपुर टीम ने शनिवार को सीकर शहर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक हेड कॉन्स्टेबल को भारी रिश्वत राशि के साथ दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम पांडे के रूप में हुई है, जो ईडी में कार्यरत है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) को लगातार डरा-धमका रहा था। उसने पीड़ित सीए पर दबाव बनाया कि यदि उसने पैसे नहीं दिए, तो वह उसे किसी केस में आरोपी बना देगा। खुद को बड़ा अधिकारी बताकर आरोपी ने कुल 15 लाख रुपये की डिमांड की थी।

2 लाख पहले वसूले, बाकी रकम के लिए जयपुर से सीकर पहुंचा आरोपी

जानकारी के अनुसार, पीड़ित सीए ने आरोपी के दबाव में आकर 2 लाख रुपये पहले ही दे दिए थे। इसके बावजूद हेड कॉन्स्टेबल उत्तम पांडे बाकी के 13 लाख रुपये के लिए लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी ने बाकी रकम लेने के लिए सीकर के कल्याण सर्किल स्थित अशोका होटल को ठिकाना चुना। परेशान होकर पीड़ित ने जयपुर एसीबी में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का गोपनीय सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए एक अभेद्य जाल बिछाया।

एसीबी का मास्टरस्ट्रोक: 11 लाख के डमी नोट और 2 लाख असली लेकर पहुंची टीम

एसीबी ने इस ट्रेप को सफल बनाने के लिए एक चतुर योजना बनाई। टीम ने पीड़ित को 11 लाख रुपये के डमी नोट (नकली नोट) दिए, जबकि बाकी के 2 लाख रुपये असली थे। जैसे ही पीड़ित शनिवार को होटल के बाहर 13 लाख रुपये का यह पैकेट देने पहुंचा, आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने बेखौफ होकर रिश्वत की राशि थाम ली। रिश्वत लेकर वह जैसे ही होटल के अंदर जाने लगा, आसपास सादा वर्दी में तैनात एसीबी की टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया।

होटल में पूछताछ जारी, बड़े गिरोह के होने की आशंका

एसीबी की इस कार्रवाई से सीकर शहर और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल टीम होटल के कमरे में आरोपी हेड कॉन्स्टेबल उत्तम पांडे से गहन पूछताछ कर रही है। एसीबी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस रंगदारी और रिश्वतखोरी के खेल में ईडी के कुछ अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं। आरोपी के पास से बरामद राशि को जब्त कर लिया गया है और उसके जयपुर स्थित ठिकानों पर भी तलाशी ली जा सकती है।

Share This Article
Leave a Comment