नई दिल्ली भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान शनिवार को केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ‘राजस्थान पवेलियन’ का विशेष दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में हो रहे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और सूचना प्रौद्योगिकी के क्रांतिकारी नवाचारों का बारीकी से अवलोकन किया।
शासन और सेवाओं में AI का उपयोग मंत्री वैष्णव को राजस्थान सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लागू की गई AI पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई। पवेलियन में प्रदर्शित स्टॉल्स के माध्यम से बताया गया कि कैसे राजस्थान सरकार शासन में AI का उपयोग, नागरिक-केंद्रित सेवाओं का डिजिटलीकरण और स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में AI आधारित समाधानों को सफलतापूर्वक लागू कर रही है।
केन्द्रीय मंत्री ने थपथपाई सरकार की पीठ राजस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राज्य के ये नवाचार भारत की समग्र AI रणनीति के बिल्कुल अनुरूप हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजस्थान का यह डिजिटल परिवर्तन समावेशी, जिम्मेदार और नागरिक-केंद्रित विकास पर आधारित है, जो भविष्य के भारत के लिए एक प्रेरणा है।
पवेलियन के प्रमुख आकर्षण
- सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग द्वारा पवेलियन में लगभग 20 स्टॉल्स लगाए गए थे।
- इन स्टॉल्स के माध्यम से टेक्नोलॉजी के जरिए आमजन के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया गया।
- यह आयोजन राजस्थान की AI क्षमताओं और डिजिटल गवर्नेंस में हुई प्रगति को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के सामने रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।
