ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण
बूंदी जिले के डाबी क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ग्राम पंचायतों के लिए करोड़ों रुपये के कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण किया। डाबी स्थित एक निजी कृषि फार्म में आयोजित इस गरिमामय समारोह में कुल 22.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास परियोजनाओं को आमजन को समर्पित किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने स्पीकर बिरला का भव्य स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उन्हें अवगत कराया, जिस पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार
कार्यक्रम के दौरान संवेदनशीलता दिखाते हुए स्पीकर ओम बिरला ने एक बालिका की शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया। ग्राम विकास अधिकारी मनोहर सिंह डाबी की पंचायत की एक बालिका ने राज्य सरकार की योजना का लाभ न मिलने और जननी सुरक्षा योजना की राशि बकाया होने की शिकायत की थी। इस पर स्पीकर बिरला ने अधिकारियों को कड़ी हिदायत देते हुए तत्काल राहत प्रदान करने और योजना का लाभ सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना अनिवार्य है।
डाबी क्षेत्र के विकास और शिक्षा पर विशेष जोर

आमजन को संबोधित करते हुए ओम बिरला ने कहा कि डाबी एक कठिन पत्थर खनन क्षेत्र है, जहाँ लोग कड़ी मेहनत से अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह क्षेत्र पिछले 70 सालों से विकास में पिछड़ा रहा, लेकिन वर्तमान सरकार ने कोटा-बिजौलिया-भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे की सौगात दी है। उन्होंने घोषणा की कि डाबी में बालिका महाविद्यालय खुलने से अब बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही, उन्होंने छात्रों के लिए छात्रावास और खेल मैदान के निर्माण की भी घोषणा की, जिसके लिए सरकार बड़ी राशि प्रदान करेगी।
