जयपुर: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को जयपुर के राज्य कृषि प्रबंध संस्थान (SIAM), दुर्गापुरा में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र के लिए गेम-चेंजर मानी जा रही ‘भारत विस्तार’ (Bharat-Vistaar) परामर्श प्रणाली का राष्ट्रीय शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी भी मौजूद रहे।
सिर्फ एक क्लिक पर मिलेंगी सारी जानकारियां
‘भारत विस्तार’ एक बहुभाषी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित संवादात्मक प्रणाली है। इसके फायदों के बारे में बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब किसान अपने खेत से ही कॉल के जरिए फसल की बीमारियों, सही दवाओं, मंडी के ताजा भाव और मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के रूप में विकास
केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित यह पहल कृषि क्षेत्र में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों की उत्पादकता बढ़ाना, लागत कम करना और खेती के जोखिम को न्यूनतम करना है।
एक ही प्लेटफॉर्म पर एकीकृत सेवाएं
‘भारत विस्तार’ को देश की प्रमुख डिजिटल प्रणालियों के साथ जोड़ा गया है, ताकि किसानों को सटीक जानकारी मिले:
- AgriStack & ICAR: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संसाधनों के साथ इसका सीधा एकीकरण है।
- IMD & Mandi Prices: भारतीय मौसम विभाग और विभिन्न मंडियों के भावों की रीयल-टाइम जानकारी मिलेगी।
- सरकारी योजनाएं: विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय योजनाओं की पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया भी यहाँ उपलब्ध होगी।
