1 अप्रैल से बदल जाएगा राजस्थान: हाईवे पर सफर होगा महंगा, स्कूल और अस्पताल के समय में बड़ा बदलाव

राजस्थान में 1 अप्रैल से कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ जहां हाईवे पर सफर महंगा होगा, वहीं सरकारी अस्पतालों और स्कूलों के समय में भी बड़ा बदलाव हो जाएगा। इसके अलावा राजस्थान के स्कूलों में पहली बार नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। इन बदलावों का सीधा असर वाहन चालकों सहित आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ेगा।

1. टोल हुआ महंगा: 170 प्लाजा पर बढ़ी दरें

राजस्थान में नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों को 1 अप्रैल से अधिक टोल चुकाना होगा। प्रदेश के 170 से अधिक टोल प्लाजाओं पर दरों में बढ़ोतरी की गई है।

  • कमर्शियल वाहन: दरों में ₹5 से ₹30 तक की बढ़ोतरी की गई है।
  • कार/निजी वाहन: कारों के टोल में कोई वृद्धि नहीं की गई है। रिंग रोड पर भी हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए दरें यथावत हैं।
  • प्रमुख टोल: दौलतपुरा, मनोहरपुर, शाहजहांपुर, ठीकरिया, बड़गांव, टाटियावास और रिंग रोड के टोल बूथों पर दरें बढ़ेंगी।
  • वार्षिक फास्टैग: कार के वार्षिक पास की कीमत ₹75 बढ़कर अब ₹3075 हो गई है (200 ट्रिप की सुविधा)।

2. शिक्षा विभाग: नया सत्र और समय में बदलाव

शिक्षा विभाग इस बार 1 अप्रैल से ही नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने जा रहा है।

  • पढ़ाई: 1 अप्रैल से 15 मई तक स्कूल लगेंगे।
  • गर्मियों की छुट्टी: 16 मई से 20 जून तक अवकाश रहेगा, स्कूल 21 जून से फिर खुलेंगे।
  • नया समय (30 सितंबर तक): * एक पारी के स्कूल: सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे तक।
    • दो पारी के स्कूल: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक (प्रत्येक पारी 5.30 घंटे)।
    • आंगनबाड़ी केंद्र: सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक।

3. स्वास्थ्य: अस्पतालों का ओपीडी समय

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों का ओपीडी समय बदल जाएगा।

  • नया समय: सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक।
  • राजकीय अवकाश: सुबह 9 से 11 बजे तक ओपीडी रहेगी (इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी)।

4. पर्यटन: सफारी और हाथी सवारी

  • रणथंभौर व सरिस्का: मॉर्निंग शिफ्ट सुबह 6 से 9.30 बजे तक और इवनिंग शिफ्ट दोपहर 3 से शाम 6.30 बजे तक रहेगी। (16 मई से शाम की पारी 3.30 से 7 बजे तक होगी)।
  • आमेर हाथी सवारी: अब सुबह 7 से 10.30 बजे तक ही सवारी उपलब्ध होगी (समय में 1 घंटे की कटौती)।

5. न्यायपालिका: अदालतों का समय (13 अप्रैल से)

राजस्थान हाईकोर्ट सहित सभी अधीनस्थ न्यायालयों में 13 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन समय-सारिणी लागू होगी।

  • हाईकोर्ट: सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक न्यायिक कार्य। (ऑफिस सुबह 7.30 से 1 बजे तक)।
  • ट्रायल कोर्ट: सुनवाई का समय सुबह 8 से दोपहर 12.30 बजे तक रहेगा। यह व्यवस्था 28 जून तक प्रभावी रहेगी।
Share This Article
Leave a Comment