जयपुर: रामनगरिया इलाके में पुलिस पर देसी कट्टा तानकर और फायरिंग कर फरार होने वाले कुख्यात आरोपी संदीप राज शर्मा को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। पुलिस थाना रामनगरिया की टीम ने फायरिंग के मामले में वांछित चल रहे इस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ जमीन विवाद और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
दबिश के दौरान पुलिस पर किया था फायर
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रामनगरिया में आईटी कॉलेज के पीछे एक मकान में छिपे संदीप राज शर्मा को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने दबिश दी थी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब उसने अचानक दरवाजा खोला, तो उसके हाथ में देसी कट्टा था। वह हथियार लहराते हुए बाहर निकला और भागने लगा। जब पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली एक पुलिसकर्मी के हाथ को छूकर निकल गई। इसके बाद आरोपी बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार में बैठकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया।
कई थानों में दर्ज हैं संगीन मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी संदीप राज शर्मा के खिलाफ जमीन विवाद और आपराधिक गतिविधियों के कई प्रकरण दर्ज हैं। रामनगरिया थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में उसे पहले भी गिरफ्तार किया गया था और अब अन्य मामलों में प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर और एएसआई घुट्टन लाल सहित अन्य जाब्ता शामिल रहा। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि उसके पास अवैध हथियार कहां से आया और इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।